अंबाला सिटी के धूलकोट इलाके में रविवार दोपहर तीन मंजिला इमारत गिरने से मलबे की चपेट में आने से मरने वालों की संख्या छह हो गई है। 12 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के वक्त इमारत में मजदूर काम कर रहे थे। मृतक और घायल मजदूर अंबाला, पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन के साथ एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। भारी मलबे के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ी। एनडीआरएफ का सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन रविवार देर रात करीब 2:30 बजे तक जारी रहा। कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे सभी लोगों को बाहर निकाल लिया गया।
सोमवार सुबह अंबाला सिटी के नागरिक अस्पताल में उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब मृतकों और घायलों के परिजन वहां पहुंचे। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
घटना की जानकारी मिलते ही अंबाला के सांसद वरुण चौधरी और अंबाला सिटी से कांग्रेस विधायक चौधरी निर्मल सिंह अस्पताल पहुंचे। दोनों नेताओं ने घायलों का हालचाल जाना और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया।
नेताओं ने प्रशासन से हादसे की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और पीड़ित परिवारों को उचित आर्थिक मुआवजा देने की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।