अंबाला सिटी। सिटी स्थित गांव धुरकड़ा में नौजवान सभा धुरकड़ा की ओर आयोजित टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का वीरवार को समापन हुआ।
फाइनल मुकाबला अंबाला शहर और जंडली की टीम के बीच हुआ, जिसमें अंबाला शहर की टीम 35 रन से विजयी रही। टूर्नामेंट में कुल 57 टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के तौर पर इनेलोे युवा जिलाध्यक्ष संदीप राणा ने शिरकत की।
शुक्रवार को अंबाला शहर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 133 रन बनाए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आई जंडली की पूरी टीम 98 रन पर ढेर हो गई। ट्राफी अंबाला शहर ने अपने नाम कर ली।
संदीप राणा ने युवा खिलाड़ियों से कहा कि सरकार से मिलने वाली खेल सुविधाओं के अभाव में गांव के युवाओं की प्रतिभाएं खुलकर सामने नहीं आ रही हैं। इनेलो की सरकार बनने पर खिलाड़ियों के लिए विशेष नीति बनाकर उन्हें प्रोत्साहित किया जाएगा।
उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे बढ़-चढ़कर खेलो में भाग लें और देश तथा प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने विजेता टीम को इनामी राशि प्रदान कर पुरस्कृत किया। मैन आफ द मैच अंबाला शहर टीम के कप्तान रम्मी रहे। इस मौके इनेलो के युवा महासचिव जतिंदर, संजीव, नौजवान सभा के प्रधान कमल, संदीप, नवजोत, परमवीर और दीपक मौजूद रहे।