संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। सद्दोपुर में आयुवर्ग-19 लड़कों का जिला स्तरीय विद्यालय क्रीड़ा प्रतियोगिता के तहत क्रिकेट मुकाबले करवाए गए। प्रतियोगिता में जिले के सभी छह खंड की विजेता टीमों ने भाग लिया। इस दौरान पहला मुकाबला अंबाला कैंट बनाम शहजादपुर के बीच हुआ। जिसमें अंबाला कैंट ने 69 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए शहजादपुर 25 रन बना सकी। अंबाला कैंट ने 44 रन से जीत दर्ज की। इसी तरह अंबाला सिटी बनाम बराड़ा के बीच मुकाबला हुआ। इस मुकाबले में अंबाला सिटी ने 61 रन बनाए और बराड़ा टीम 34 रन बना सकी। अंबाला सिटी ने 27 रन से मुकाबला जीता। अंबाला कैंट बनाम साहा में अंबाला कैंट टीम ने 94 रन बनाए, जबकि साहा टीम 37 रन बना सकी। अंबाला कैंट ने 57 रन से जीत दर्ज की।
सेमीफाइनल मुकाबला हुआ रोमांचक
सेमीफाइनल मुकाबला अंबाला सिटी बनाम नारायणगढ़ के बीच हुआ, जिसमें अंबाला सिटी ने 50 रन बनाए और नारायणगढ़ टीम 40 रन बना सकी। अंबाला सिटी ने 10 रन से मुकाबला जीत लिया। यह मुकाबला रोमांचक रहा, इसके बाद फाइनल मुकाबला अंबाला कैंट बनाम अंबाला सिटी के बीच करवाया गया। अंबाला सिटी ने 50 रन बनाए। अंबाला कैंट ने लक्ष्य को 1 विकेट खोकर प्राप्त किया अंबाला कैंट ने 9 विकेट से फाइनल जीतकर खिताब अपने नाम किया। वहीं, भिवानी में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन किया गया। इस अवसर पर डीपीई ओंकार, संयोजक आकाश, विनय दत्त, प्रीतम, बलजिंद्र सिंह, हरजीत सिंह, प्रवीन कुमारी, जिला सचिव मलकीत सिंह व अन्य मौजूद रहे।
एक ही स्कूल की 25 खिलाड़ियों का राज्य स्तर पर चयन
जिला स्तरीय विद्यालय क्रीड़ा प्रतियोगिता में जीत के बाद वैसे तो जिले भर से कई खिलाड़ी राज्य स्तर पर खेलने के लिए जा रहे हैं, लेकिन शहर बलदेव नगर के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल से 25 लड़कियों का तीन खेल के लिए राज्य स्तर पर चयन हुआ। इनमें हॉकी, टेबल टेनिस व भारोतोलन शामिल हैं। स्कूल डीपीई ओंकार सिंह ने बताया कि उनके स्कूल से 25 लड़कियां राज्य स्तर के लिए चयनित हुई हैं। यह उनके लिए गौरव का क्षण हैं। आयुवर्ग-14 में 9, आयुवर्ग-17 में 8 और आयुवर्ग-19 में 5 लड़कियों का चयन हुआ।
हॉकी में फतेहाबाद को सेमीफाइनल में एक गोल से हराया
आयुवर्ग-17 में अंबाला की टीम ने हॉकी में फतेहाबाद को सेमीफाइनल मुकाबले में एक गोल से मात देकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। इस उपलब्धि के लिए जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार ने खेल विभाग की टीम व खिलाड़ियों को बधाई देते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने इस बार खिलाड़ी सभी खेल में राज्य स्तर पर अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।