बराड़ा। बराड़ा में अमनदीप कौर हत्या कांड में पुलिस आरोपी संदीप कुमार से रिमांड के दौरान वारदात में शामिल हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। आरोपी 17 मई तक चार दिन के पुलिस रिमांड पर है। जानकारी के अनुसार पुलिस ने रिमांड के दौरान आरोपी की निशानदेही पर उस कार को हिमाचल से बरामद कर लिया है, जिसमें वह अमनदीप की लाश डालकर पोंटा साहिब के पास ले गया था और लाश को आग लगा दी थी।
वहीं, पुलिस ने इस दौरान उस बैग विक्रेता से भी पूछताछ की है जिससे उसने बैग सिलवाया। इसके अलावा जिस दुकानदार से लाश को ढकने के लिए कपड़ा खरीदा, उससे भी पूछताछ की गई है। वहीं पुलिस रिमांड के दौरान इस पहलू पर भी जांच कर रही है कि आरोपी ने जहर और कोल्डड्रिंक कहां से खरीदा।
इसके अलावा आरोपी के साथ इस कांड में क्या कोई अन्य भी शामिल था, यह भी जांच की जा रही है। चार दिन के रिमांड के दौरान पुलिस बराड़ा से लेकर हिमाचल प्रदेश और अन्य स्थानों की भी जांच कर रही है, जहां आरोपी लाश को लेकर गया। वहीं आरोपी ने जहां से लाश को जलाने के लिए पेट्रोल खरीदा, उसकी भी निशानदेही की जाएगी। उल्लेखनीय है कि बराड़ा गांव निवासी अविवाहित अमनदीप कौर और शादीशुदा संदीप कुमार के करीब पांच साल से संबंध थे। आरोपी ने युवती को जहर देकर मार डाला और उसकी लाश को बैग में पैक कर रेहड़ी में लादकर अपनी कार तक ले गया था।