अंबाला सिटी। शहर स्थित कोर्ट में पेशी पर आए अमन सोनकर पर कोर्ट परिसर में जानलेवा हमला हो गया। शनिवार सुबह 11 बजे कार में सवार होकर आए बदमाशों ने छावनी के अमन सोनकर पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी और वहां से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से पुलिस को दो गोलियों के खाली खोल और एक मिस फायर गोली मिली। पुलिस ने अमन सोनकर की शिकायत के आधार पर अमन बोंड, उसके भाई काका और गौरव सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जाता है कि दोनों गुटों पर विभिन्न थाने में हत्या, मारपीट सहित अन्य धाराओं में केस विचाराधीन हैं।
अमन के गेट में घुसते ही कर दी फायरिंग
शनिवार सुबह 11 बजे अमन सोनकर पीओ के मामले में पेशी पर कोर्ट में आया था। बताया जाता है कि फायरिंग करने वाले आरोपी स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर पहले ही वारदात के स्थल पर पहुंच गए थे। जैसे ही अमर सोनकर कोर्ट के मुख्य गेट पर पहुंचा तो अचानक से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने पीछे से उस पर गोलियां चला दीं।
गोलियों की आवाज सुनकर कोर्ट में आए लोग और अधिवक्ता इधर-उधर भागने लगे। अमन सोनकर ने एक बार तो कोर्ट परिसर का गेट भी बंद करने का प्रयास किया मगर तब तक फायरिंग करने वाले आरोपी भीतर आ चुके थे। गनीमत रही कि कोई भी गोली अमन सोनकर या किसी अन्य को नहीं लगी। अमन सोनकर पर हत्या सहित अन्य कई मामले चल रहे हैं। फिलहाल वह जमानत पर बाहर है।
रंजिश है फायरिंग का कारण
अमन सोनकर ने बताया कि अमन बोंड से उसकी रंजिश है। इसके चलते पहले से ही कुछ युवक कोर्ट के बाहर तैनात थे। जैसे ही वह कोर्ट परिसर के अंदर दाखिल हुआ। इसी दौरान दो युवकों ने उस पर गोलियां चला दी और वहां से फरार हो गए। अपने बचाव के लिए अमन सोनकर ने गेट भी बंद करने का प्रयास किया था, लेकिन हमलावर भीतर घुस आए और तीन फायर किए।
20 मीटर दूरी पर सदर थाना
जहां पर गोलियां चली हैं वहां से सदर थाना महज 20 मीटर की दूरी पर स्थित है। इतना ही नहीं मुख्य द्वार के बाहर पुलिस पोस्ट भी बनी हुई है। जहां पर भी पुलिस कर्मी तैनात रहते हैं। ऐसे में इस प्रकार की वारदात ने क्षेत्र में सभी को हैरान कर दिया है। वहीं सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
जांच में जुटी पुलिस
सिटी थाना प्रभारी सुनील वत्स ने बताया कि सूचना मिलते वह मौके पर पहुंची और जांच में जुट गए। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें बनाई गई हैं। सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। अमन सोनकर व अमन बोंड की रंजिश है। दोनों का आपराधिक इतिहास है। इसी को लेकर अमन बोंड ने अपने साथियों के साथ मिलकर अमन सोनकर पर हमला किया था। अमन सोनकर की शिकायत पर तीन मुख्य आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।