अंबाला। जिले की अदालतों का वर्कलोड जल्द ही कम हो जाएगा और लोगों को न्याय भी जल्द मिलेगा। अंबाला कोर्ट कांपलेक्स के साथ जल्द ही एक नई विशेष कोर्ट तैयार होगी। इस कोर्ट को ‘अल्ट्रेशन डिस्प्यूट रेडरेसल’ का नाम दिया जाएगा। इस कोर्ट के बनने से कई मामले तो तुरंत निपट जाएंगे।
यह है इस कोर्ट का उद्देश्य
अंबाला के कोर्ट परिसर में इस वक्त 14 अदालतें हैं। इन अदालतों में इस वक्त काफी संख्या में मामले पेंडिंग पड़े हैं। लोगों को इसी वजह से अपने छोटे-बड़े केसों में लंबी-लंबी डेट लगती थी और उन्हें न्याय के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था। लंबित केसों के त्वरित निपटारे और अदालतों पर केस का बोझ कम करने के उद्देश्य से कानून मंत्रालय की एक विशेष योजना के तहत एडीआर नाम से एक विशेष कोर्ट तैयार की जा रही है।
ऐसे करेगी कोर्ट काम
इस विशेष कोर्ट की कार्यप्रणाली इस तरह से होगी कि जिले की अन्य अदालतों का वर्कलोड कम हो जाए। पहले सभी मामले इस कोर्ट में आएंगे। कई मामले जो इस अदालत स्तर पर ही निपट सकते हैं, तो उन्हें यहीं निपटा दिया जाएगा। इसमें ज्यादा डेट भी नहीं लगाई जाएंगी।
लेकिन गंभीर और पेचीदे मामले को दूसरी अदालतों में ट्रांसफर कर दिए जाएंगे। हर केस सीधे अन्य अदालतों में न जाकर इस विशेष अदालत से होकर गुजरेगा।
कोर्ट का निर्माण का काम शुरू
एडीआर अदालत शहर कोर्ट कांपलेक्स के पास वकीलों के चैंबर कांपलेक्स के पीछे तैयार की जा रही है। इस कोर्ट कांपलेक्स का भवन तैयार करने के लिए ठेका दे दिया गया है और इस भवन का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है।