अंबाला सिटी। अंबाला लोकसभा सीट पर अभी तक कवरिंग प्रत्याशी मिलाकर कुल 17 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। जिसमें प्रमुख पार्टियों के प्रत्याशियों पर गौर करें तो सबसे धनाडय प्रत्याशियों में कांग्रेस के वरुण चौधरी आते हैं।
उनके पास 17 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति है। अगर इनकी पत्नी की भी संपत्ति जोड़ लें तो यह आंकड़ा 24 करोड़ रुपये तक पहुंच जाती है। इसके बाद धन संपदा में भाजपा की बंतो कटारिया का नंबर आता है। वैसे तो इनके नाम एक करोड़ रुपये की संपत्ति है, मगर इनके पति दिवंगत रतन लाल कटारिया की संपत्ति भी जोड़ ली जाए तो आंकड़ा 8 करोड़ रुपये तक चला जाता है।
तीसरे स्थान पर बसपा के पवन कुमार हैं। इनके पास कुल 54 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति है। वहीं, इनकी पत्नी और इनकी संपत्ति जोड़ ली जाए तो 5 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है। इसी प्रकार इनेलो के गुरप्रीत सिंह भी अढ़ाई करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ चौथे स्थान पर हैं। जजपा की किरण पुनिया भी संपत्ति के मामले में करोड़पति क्लब में शामिल होती हैं। इनके पास भी एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है।
प्रत्याशी के पास सबसे अधिक बसपा नकद
मुख्य पार्टियों के प्रत्याशियों पर नकद धनराशि पर गौर करें तो सबसे अधिक बसपा प्रत्याशी व उनकी पत्नी के पास नकद रुपया है। इन दंपति के पास कुल 27 लाख रुपये नकद हैं। वहीं कांग्रेस के वरुण चौधरी के पास नकद 45 हजार रुपये, भाजपा की बंतो कटारिया के पास 1 लाख 95 हजार रुपये, इनेलो प्रत्याशी गुरप्रीत के पास नकद 10 लाख रुपये तो बसपा के पवन कुमार के पास 12 लाख रुपये खुद के पास तो 15 लाख रुपये पत्नी के पास नकद हैं। ऐसे में पवन कुमार के पास कुल 27 लाख रुपये नकद हैं।
प्रत्याशी का नाम- पार्टी - आय का स्रेात- आभूषण- कुल संपत्ति
वरुण चौधरी- कांग्रेस- पेट्रोल पंप और अन्य कार्य- 5853000 रुपये- 177137356 रुपये
बंतो कटारिया- भाजपा- पेंशन, ब्याज- 1781250 रुपये- 17055621 रुपये
गुरप्रीत सिंह- इनेलो- अधिवक्ता और जमीन से आय - 1400000 रुपये- 25200000 रुपये
किरण पुनिया- जजपा- वेतन व ब्याज- 1036500 रुपये- 14828504 रुपये
पवन कुमार- बसपा- कृषि- 736550 रुपये- 5422829 रुपये