अंबाला सिटी। नगर निगम चुनाव के लिए आरक्षित वार्डों के ड्रॉ निकालने के लिए शनिवार को बैठक होगी। यह बैठक शाम 4.30 बजे उपायुक्त कार्यालय में रखी गई है, इससे पहले यह बैठक 31 दिसंबर को उपायुक्त कार्यालय में हुई थी। इस बैठक में मेयर प्रतिनिधि व नगर निगम अधिकारी तो पहुंचे थे, लेकिन एडहॉक कमेटी का कोई भी सदस्य नहीं पहुंचा था। अब दोबारा से इस बैठक को रखा गया है। वहीं, 31 दिसंबर को होने वाली बैठक में उपायुक्त की व्यस्तता के कारण अध्यक्ष एसडीएम दर्शन कुमार रहे थे, जबकि निगम आयुक्त के प्रतिनिधि के तौर पर संयुक्त आयुक्त पुनीत पहुंचे थे। बैठक में मेयर प्रतिनिधि के तौर पर मनोनीत पार्षद संदीप सचदेवा भी पहुंचे थे, पर एडहॉक कमेटी के सदस्य गैरहाजिर रहे थे।
वार्डबंदी के लिए बनाई गई बैठक में उपायुक्त अध्यक्ष, नगर निगम मेयर, शहरी स्थानीय निकाय विभाग निदेशक, नगर निगम आयुक्त या उनके प्रतिनिधि सहित पांच सदस्य होते हैं। इन पांच सदस्यों में सीनियर डिप्टी मेयर मीना ढींगरा, डिप्टी मेयर राजेश मेहता, पार्षद हितेश जैन, अर्चना छिब्बर, मोनिका मल शामिल हैं।
इतने वार्ड होंगे आरक्षित, जल्द निकाला जाएगा ड्राॅ
- एससी श्रेणी के तीन वार्ड आरक्षित होंगे, इनमें एससी महिला का एक, दो एससी वार्ड ओपन होंगे, इनमें कोई भी एससी महिला या पुरुष चुनाव लड़ सकेंगे।
- बीसी-ए श्रेणी में बीसी-ए महिला का एक वार्ड आरक्षित होगा। इसी तरह बीसी-ए में एक वार्ड ओपन होगा, जिसमें कोई भी महिला या पुरुष चुनाव लड़ सकेंगे।
- बीसी-बी श्रेणी में एक वार्ड महिला के लिए आरक्षित होगा। जनरल श्रेणी में महिला के लिए चार वार्ड आरक्षित होंगे। कुल सात वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे, इसके अलावा बाकी वार्ड सामान्य होंगे।