जिलावासियों के लिए रविवार राहत लेकर आया। पिछले 7 दिनों में सामने आए कोरोना के सभी 26 मरीजों की कोरोना की दूसरी रिपोर्ट नेगेटिव आ गई है। वहीं महिला डाक्टर और आशा वर्कर इनकी दूसरी के बाद तीसरी रिपोर्ट भी नेगेटिव आई। इसके बाद दोनों को रविवार को ही अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। अब इन दोनों को घरों में ही क्वारंटीन कर दिया गया है। वहीं मुलाना के कोविड अस्पताल में दाखिल शेष 25 मरीज जिनकी दूसरी रिपोर्ट नेगेटिव आई है उनका सैंपल तीसरी बार लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है। सोमवार को तीसरी रिपोर्ट नेगेटिव आई तो इन्हें भी अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। इसके बाद जिले में इनमें से कोई भी मरीज कोरोना पॉजिटिव नहीं रहेगा। बता दें कि इनमें एक ही परिवार के वे 4 सदस्य भी शामिल हैं जोकि नांदेड़ से आए थे। वहीं ठरवा निवासी 42 वर्षीय व्यक्ति, जिसका पीजीआई में इलाज चल रहा है उसकी भी पहली रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
न केवल कोरोना को फैलने से रोका, बल्कि बीमारों को किया ठीक : स्वास्थ्य विभाग ने इस एक सप्ताह के भीतर दोतरफा जीत हासिल की है। इस दौरान टीम ने न केवल इन मरीजों के संपर्क में आने वालों में कोरोना को फैलने से रोका बल्कि जो इसकी चपेट में आए थे उन्हें भी पूरी तरह से स्वस्थ कर दिया। इससे पहले भी एक बार अंबाला को पूरी तरह से कोरोना मुक्त कर दिया गया था।
सिविल सर्जन डा. कुलदीप सिह ने बताया कि जिला में कार्यरत चिकित्सा अधिकारी जोकि कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी, उसकी दोनो रिपोर्ट नेगेटिव आ गई हैं तथा उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है एवं 14 दिन की क्वारंटीन लीव दे दी गई है। जिले में उपचाराधीन एक और मरीज की आज मेडिकल कालेज से छुट्टी हो गई है। जिला के सभी एक्टिव केसों की पहली रिपोर्ट नेगेटिव आ गई है। पीजीआई चंडीगढ़ में गांव ठरवा में उपचाराधीन मरीज की हालत स्थिर है। उसकी पहली रिपोर्ट नेगेटिव आ गई है।
अब जिले में यह है स्थिति : जिला में अभी तक 3649 सैंपल लिये जा चुके हैं। इनमें से 3551 की रिपोर्ट नेगेटिव आई हैं। 60 सैंपल की रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। अभी तक तक जिला में कुल 41 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई हैं। इनमें से कुल 2 मरीजों की मृत्यु हुई हैं। 13 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं। 26 को तीसरी रिपोर्ट नेगेटिव आते ही डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।