संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को अब मक्खी-मच्छरों की परेशानी से काफी हद तक राहत मिलेगी। अस्पताल प्रबंधन ने संक्रमण रोकने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से लाखों रुपये की लागत से आधुनिक एयर ब्लोअर (एयर कर्टेन) लगाए हैं। ये ब्लोअर ओपीडी, आईपीडी और इमरजेंसी सहित अस्पताल के सभी प्रमुख प्रवेश द्वारों पर स्थापित किए गए हैं।
ये एयर ब्लोअर तेज गति से हवा को जमीन की ओर प्रवाहित करते हैं, जिससे एक अदृश्य वायु-दीवार (एयर कर्टेन) बन जाती है। इसके कारण मुख्य द्वार 24 घंटे खुले रहने के बावजूद मक्खी, मच्छर और धूल के कण अस्पताल के भीतर प्रवेश नहीं कर पाते। पहले खुले दरवाजों से मच्छर और मक्खियां वार्डों तक पहुंच जाते थे, जिससे मरीजों में संक्रमण और अन्य बीमारियों का खतरा बना रहता था।
सेंट्रल एसी के कारण बढ़ रही थी समस्या
कैंट नागरिक अस्पताल की नई इमारत पूरी तरह सेंट्रल एसी प्रणाली से लैस है। ऐसे में अधिकांश समय शीशे के दरवाजे बंद रहते हैं, लेकिन मरीजों और स्टाफ के लगातार आवागमन के दौरान दरवाजे खुलते ही बाहर के मच्छर अंदर आ जाते थे। बंद वातावरण में ये मच्छर मरीजों के लिए परेशानी का कारण बन रहे थे। इस संबंध में अस्पताल प्रबंधन को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं।
अस्पताल की स्वच्छता और रखरखाव का मूल्यांकन करने आई राष्ट्रीय स्तर की कायाकल्प टीम ने भी अपने पिछले निरीक्षण के दौरान इस समस्या को चिन्हित किया था, जिसके बाद समाधान के रूप में एयर ब्लोअर लगाने का निर्णय लिया गया।
एसी की कूलिंग भी रहेगी बरकरार
एयर ब्लोअर लगने से सेंट्रल एसी की ठंडी हवा भी बाहर नहीं निकल पाएगी। दरवाजा खुलने पर बनने वाला वायु-दबाव ठंडी हवा को अंदर बनाए रखने में मदद करेगा, जिससे वार्ड और हॉल जल्दी ठंडे होंगे तथा ऊर्जा की भी बचत होगी। इसके अलावा धूल-मिट्टी के कण भी अस्पताल के भीतर नहीं पहुंच सकेंगे, जिससे साफ-सफाई बनाए रखने में आसानी होगी और प्रवेश द्वारों पर पर्दे लगाने की आवश्यकता भी नहीं रहेगी।
मरीजों की सहूलियत व उन्हें संक्रमण मुक्त माहौल देना हमारी प्राथमिकता है। सभी मुख्य वॉर्डों, ओपीडी व इमरजेंसी के बाहर एयर ब्लोअर लगा दिए गए हैं। मक्खी-मच्छर की समस्या भी अब पूरी तरह खत्म हो जाएगी।
डॉ. पूजा पेंटल, पीएमओ अंबाला कैंट