संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। कोरोना की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग कई सख्त फैसले लिए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने साफ कर दिया है कि अगर कोई व्यक्ति कोरोना का सैंपल देने के बाद घर से बाहर घूमता है तो उसपर स्वास्थ्य विभाग विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज करवाएगा। साथ ही विभाग ने दोबारा से उन घरों को बंद करने का निर्णय लिया है, जिस घर के सभी सदस्य संक्रमित मिलेंगे। इस दौरान न तो किसी रास्ते को बंद करेंगे और न ही किसी पूरे क्षेत्र को सील किया जाएगा। यह फैसले मार्च में एकाएक बढ़ी कोरोना की रफ्तार को रोकने के लिए गए हैं।
पिछले साल मार्च में केवल 4 संक्रमित मिले थे। इस साल मार्च में यह संख्या बढ़कर 2055 हो गई है और मरने वालों की संख्या पिछले साल के मुकाबले बढ़ी है। पिछले साल मार्च में एक भी मौत नहीं हुई थी, जबकि इस साल मार्च में 14 लोगों ने कोरोना के कारण जान गंवा दी है। लॉक डाउन से अब तक 13 महीनों में अभी तक 161 लोगों की मौत हो चुकी है। औसतन प्रत्येक माह में 1 हजार 103 मरीज मिले हैं तो 12 लोगों की मौत हुई है। लगातार बढ़ रहे संक्रमित मरीजों की संख्या को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग नई रणनीति तैयार कर रहा है। साथ ही कोरोना वैक्सीनेशन अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को कोरोना वैक्सीन लगा रहा है।
कोरोना संक्रमण कम होने के बाद भी नहीं रुकी सैंपलिंग
जनवरी और फरवरी में चाहे कोरोना संक्रमण कम होने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग ने सैंपलिंग के कार्य में ढील नहीं बरती। स्वास्थ्य विभाग 2 लाख 67 हजार 811 लोगों की सैंपलिंग कर चुका हैं। 10 माह में जहां स्वास्थ्य विभाग ने औसतन एक माह में 18 हजार 358 लोगों की सैंपलिंग की है। वहीं जनवरी से लेकर अभी तक यानी 3 माह में औसतन 28 हजार 075 लोगों की सैंपलिंग की गई है।
डर के बावजूद वैक्सीनेशन में अंबाला अव्वल
कोरोना वैक्सीन को लगवाने में अभी भी लोग डर रहे हैं। ज्यादातर लोगों को डर यह है कि वैक्सीन लगवाने से बुखार हो रहा है। इस डर के बावजूद जिले में 1 लाख 53 हजार लोगों को वैक्सीन लगवाई है। स्वास्थ्य अधिकारियों की माने तो पूरे प्रदेश में कोई भी जिला ऐसा नहीं है जो इस आंकड़े के आसपास हो। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि पिछले तीन दिनों में 51 हजार लोगों को वैक्सीन लगाई हैं और वीरवार को 23 हजार 827 लोगों को वैक्सीन लगाई गई थी। चौड़मस्तपुर ब्लॉक मेेें 5305, मुलाना में 3775, शहजादपुर में 4802, बराड़ा में 3025 लोगों को वैक्सीन लगी। ऐसे ही प्राइमरी स्वास्थ्य केंद्र मुलाना में 1655, पंजोखरा में 1227, अंबली में 1150, शहजादपुर में 1030 वैक्सीन लगी हैं।
जिले में शुक्रवार को आए 127 नए केस
जिले में शुक्रवार को कुल 127 नए संक्रमित मिले हैं। इसके बाद जिले में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 14343 हो गई है। 93 मरीज कोरोना से पूरी तरह ठीक हुए हैं। इसके बाद ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 12953 हो गई है। इस समय जिले में 1229 एक्टिव मरीज है। कोरोना के कारण अभी तक 161 लोग दम तोड़ चुके हैं। विभाग की ओर से अभी तक 267811 सैंपल टेस्ट किए गए हैं, जिसमें 226915 आरटीपीसीआर से और 40896 एंटीजन से किए गए। अंबाला सिटी से 59, अंबाला कैंट से 12, शहजादपुर से 7, मुलाना से 14, बराड़ा से 9, नारायणगढ़ से 6, चौड़मस्तपुर से 20 संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना वैक्सीनेशन अभियान चलाया जा रहा है। जिन लोगों के मन में यह शंका है कि वैक्सीन लगने के बाद कोई दिक्कत आ रही है तो ऐसा कुछ भी नहीं है। आजकल मौसम में बदलाव हो रहा है, इसका भी असर होता है। वहीं बहुत ही कम लोग ऐसे हैं, जिन्हें हल्का बुखार हो तो घबराने की जरूरत नहीं है। अगर किसी को लग रहा है को कोवैक्सीन और कोविशील्ड में अंतर है तो दोनों का ही असर समान है। सरकार जिस क्षेत्र में जो भी वैक्सीन भेज रही है उसका इस्तेमाल किया जा रहा है। - डॉ. कुलदीप सिंह, सिविल सर्जन अंबाला।