अंबाला सिटी। जिले के राजकीय और निजी स्कूलों में एक अप्रैल मंगलवार से प्रवेश उत्सव शुरू होगा। स्कूलों में मंगलवार को पहले परीक्षा परिणाम घोषित किए जाएंगे।
इसके बाद बच्चों का तिलक लगाकर फूलमालाएं डालकर नई कक्षा में प्रवेश करवाया जाएगा। जिन जगहों पर पांचवीं कक्षा तक ही विद्यालय हैं, वहां के शिक्षक तीन अप्रैल को पास के राजकीय स्कूल में कक्षा छठी में विद्यार्थियों को लेकर जाएंगे। साथ ही उनका दाखिला करवाकर आएंगे।
इसके साथ ही जिन जगहों पर एक ही प्रांगण में दसवीं या बारहवीं तक स्कूल चल रहे हैं, वहां दो अप्रैल को ही एमआईएस पोर्टल पर विद्यार्थियों को ऑनलाइन स्थानांतरित किया जाएगा। स्कूलों में 30 मई तक नामांकन प्रक्रिया चलेगी। यह प्रक्रिया अलग-अलग चरण में होगी।
विद्यार्थी बढ़ाने वाले शिक्षक होंगे प्रोत्साहित
इस बार राजकीय स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने पर शिक्षकों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक भी मिलेगा। जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार ने कहा कि राजकीय स्कूलों में प्रवेश उत्सव के लिए शेड्यूल जारी हो गया है। सभी शिक्षकों को विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा ने बताया कि एक अप्रैल को परीक्षा परिणाम जारी होगा और दो अप्रैल को बच्चे एमआईएस पोर्टल पर स्थानांतरित होंगे। इस बार पर ड्राॅपआउट विद्यार्थियों की संख्या शून्य करने के लिए स्कूल, खंड स्तर, जिला और राज्य स्तर पर समिति भी बनेगी।
30 फीसद विद्यार्थी बढ़ने पर स्वर्ण पदक
राजकीय स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने पर इस बार शिक्षकों को अलग-अलग तीन श्रेणी में पदक भी मिलेगा। 30 प्रतिशत तक विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने, शून्य ड्रापआउट व 100 प्रतिशत विद्यार्थी स्थानांतरित होने पर शिक्षक को स्वर्ण पदक मिलेगा। इसी तरह 20 प्रतिशत तक विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए रजत व 15 प्रतिशत तक संख्या बढ़ाने पर कांस्य पदक देकर सम्मानित किया जाएगा।
स्कूलों में दाखिले के लिए लगाए पोस्टर
पहले छह से 14 वर्ष आयु के विद्यार्थियों पर दाखिले के लिए फोकस किया जाता रहा है। इस बार 18 आयु तक के विद्यार्थियों को भी राजकीय स्कूलों में दाखिल किया जाएगा, जिससे कि उनको मुख्य धारा में लाया जा सके। इसके साथ ही राजकीय स्कूलों को पोस्टर व बैनर के जरिए भी जागरूकता अभियान चलाने के लिए निर्देश दिए गए हैं और शिक्षक घर-घर जाकर भी सर्वे करेंगे। स्कूलों में दाखिला प्रक्रिया को लेकर पोस्टर तैयार हो गए हैं और स्कूल भी सज गए हैं।