अंबाला कमिश्नरी इलाके में बढ़ते नशे के कारोबार पर लगाम कसने की तैयारी शुरू हो गई है। पुलिस अब नशे के नेटवर्क को तोड़ेगी और नशे के कारोबार में जुटे लोगों पर सख्ती से शिकंजा कसेगी। इसकी कमान एडीजीपी डॉ. आरसी मिश्रा ने संभाली है और उनके आदेशों पर अंबाला शहरी, ग्रामीण इलाकों में विशेष टीमों का भी गठन कर दिया गया है।
इसके अलावा एडीजीपी एवं अंबाला कमिश्नर डॉ. आरसी मिश्रा ने युवाओं को जगाने के लिए भी स्पेशल अभियान चलाने का फैसला लिया है। जिसके अंतर्गत युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए विशेष तौर पर जागरूकता सभाओं व सम्मेलनों का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें युवाओं को नशे के खतरों से अवगत करवाकर उन्हें इससे दूर रखने का आह्वान किया जाएगा।
इन जागरूकता अभियानों में किशोरों पर खास फोकस किया जाएगा, क्योंकि इसी उम्र में किशोर नशे की लत में पड़ते हैं, इसलिए उन्हें जागरूकता सभाओं व सम्मेलनों में नशे के आर्थिक, शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसानों से अवगत करवाया जाएगा।
---
नशा तस्करी की हद, 16 दिन में 17 केस 21 काबू
-अंबाला कमिश्नरी में नशा तस्करी की हद का इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि महज 16 दिनों में नशा विरोधी अधिनियम के तहत 17 केस दर्ज और 21 नशा तस्करों को काबू किया गया जबकि उनसे भारी मात्रा में नशीले पदार्थ भी बरामद किए गए। उनसे भारी मात्रा में नशीले पदार्थ भी बरामद किए गए हैं।
- अंबाला शहरी क्षेत्र में एनडीपीएस के 6 मुकदमे दर्ज हुए, जिसमें सात तस्करों को काबू किया और उनके कब्जे में 1 किलो 290 ग्राम गांजा, 25.75 ग्राम स्मैक व 100 ग्राम अफीम बरामद की गई।
- अंबाला ग्रामीण क्षेत्र में चार मुकदमे दर्ज हुए और पांच आरोपी काबू किए गए। जिनके पास से 22 किलो 325 ग्राम गांजा और 2 किलो 400 ग्राम चूरापोस्त और 960 नशीले कैप्सूल बरामद की गई।
- अंबाला कमिश्नरी के अंतर्गत पंचकूला क्षेत्र में छह मुकदमे दर्ज किए गए, जिसमें 9 अपराधी काबू किए गए। उनके कब्जा से 500 ग्राम गांजा, 600 ग्राम अफीम, 115 ग्राम चरस, 48 ग्राम हैरोइन और 9648 नशीली गोलियां, 58 बोतल नशीले सीरप बरामद की गई।
---
नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी अभियान छेड़ दिया गया है। स्पेशल टीमें जहां नशा तस्करों के नेटवर्क को तोड़ने में लगी हैं, वहीं किशोर व युवा पीढ़ी का नशे से दूर रखने को जागरूकता सम्मेलन भी करवाएं जाएंगे। आज मोटे मुनाफे के चक्क्कर में बहुत से लोग नशे के इस कारोबार में लग गए हैं, उन्हे सिर्फ पैसा दिखता है, लेकिन वे कितने युवाओं को खराब कर रहे हैं, इसका उन्हें इलम नहीं है। इसलिए नशा तस्करों और नशे के कारोबार से जुड़े लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
- डॉ. आरसी मिश्रा, एडीजीपी, हरियाणा पुलिस-
---
अमर उजाला ने प्रकाशित की थी रिपोर्ट
नश्ेा के इस बढ़ते कारोबार और तस्करी पर 20 जून को अमर उजाला ने एक स्पेशल रिपोर्ट ‘नशे की जद में युवा और उड़ता अंबाला’ शीर्षक से प्रकाशित की थी। जिसमें ये भी बताया गया था कि किस तरह अंबाला में ये कारोबार छोटी-छोटी रिहायशी मंडियों व बस्तियों में पनप रहा है। नशा आराम से इन मंडियों व बस्तियों तक पहुंच रहा है और फिर आगे ग्राहकों खासकर युवाओं तक सप्लाई हो रहा है। शैक्षणिक संस्थानों से लेकर अंबाला सेंट्रल जेल तक इस नशे की सप्लाई हो रही है। इस रिपोर्ट के बाद एडीजीपी ने संज्ञान लेते हुए नशे के इस नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ने के निर्देश जारी किए हैं।