नारायणगढ़ के उपमंडल कार्यालय में दबिश के दौरान पड़ताल करते एडीसी। प्रवक्ता
नारायणगढ़। सरकारी दफ्तरों में सुस्ती और लेटलतीफी पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरु कर दिया है। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) विराट ने शुक्रवार सुबह ठीक 9:15 बजे उपमंडल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के हाजिरी रजिस्टर खंगाले और अनुपस्थित कर्मचारियों की जानकारी ली। एडीसी के अचानक पहुंचने से दफ्तरों में अफरा-तफरी मच गई।
उपायुक्त अजय सिंह तोमर के निर्देश पर हुए इस निरीक्षण में एडीसी के साथ अंडर ट्रेनिंग आईएएस राहुल कनवरिया भी मौजूद रहे। टीम ने सबसे पहले एसडीएम कार्यालय, वाहन पंजीकरण शाखा और अंत्योदय सरल केंद्र का जायजा लिया। एडीसी ने वहां मौजूद नागरिकों से बातचीत कर फीडबैक लिया कि उन्हें सेवाओं के लिए अनावश्यक चक्कर तो नहीं काटने पड़ रहे।
समयपालन पर सख्त चेतावनी
निरीक्षण के दौरान एडीसी विराट ने कड़े लहजे में कहा कि सरकारी सेवा का अर्थ जनता की सेवा है। उन्होंने निर्देश दिए कि सुबह 9 बजे तक सभी का अपनी सीट पर होना अनिवार्य है। यदि कोई कर्मचारी सरकारी कार्य से बाहर जाता है, तो उसे मूवमेंट रजिस्टर में एंट्री करनी होगी। बिना जानकारी गायब रहने वालों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
योजनाओं का लाभ अंत्योदय तक पहुंचे
एडीसी ने जोर दिया कि सरकारी योजनाओं की जानकारी केवल फाइलों तक सीमित न रहे, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों को स्पष्ट किया कि जनता के कार्यों में पारदर्शिता और त्वरित समाधान ही प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि औचक निरीक्षण का यह सिलसिला भविष्य में भी जारी रहेगा।