अंबाला सिटी। सेक्टर-7 कट के पास एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक्टिवा सवार व्यक्ति की मौत हो गई। आरोपी चालक वारदात के बाद गाड़ी समेत मौके से भाग गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। बब्याल पावर हाउस के पास रहने वाले ईश्वर देव मंगलवार दोपहर करीब 1:10 बजे एक्टिवा से कहीं जा रहे थे। सेक्टर-7 कट के पास पीछे से आई ग्रे रंग की होंडा अमेज कार के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए एक्टिवा को टक्कर मार दी। हादसे में ईश्वर देव सड़क पर गिरकर सिर में गंभीर चोट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीर संदीप मौर ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत के चलते उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। पीजीआई में डॉक्टरों ने ईश्वर देव को मृत घोषित कर दिया। सिटी के सेक्टर-9 थाने के जांच अधिकारी राकेश ने बताया कि कार के नंबर के आधार पर आरोपी चालक की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।