संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। सिटी के सर्राफा कारोबारी से व्यापार के नाम पर 1 करोड़ 31 लाख 84 हजार 893 रुपये के जेवरात की धोखाधड़ी के मामले में आर्थिक अपराध शाखा अंबाला ने एक आरोपी को काबू कर लिया। इसकी पहचान सिटी के पालिका विहार निवासी संजीव कुमार के रूप में हुई। मंगलवार कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान आरोपी से जेवर की बरामदगी की जाएगी। इस मामले में अंबाला सिटी थाना पुलिस ने पीड़ित सचिन जैन की तहरीर पर सिटी के पालिका विहार निवासी संजीव वर्मा, हेमंत, बेटे सुजल वर्मा व संदीप पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
पीड़ित सचिन जैन ने बताया कि वह सिद्ध ज्वैलर्स पार्टनर्स के पार्टनर हैं, जिनकी दुकान सर्राफा बाजार में कई सालों से है। आरोपी उनका नियमित ग्राहक था। आरोप लगाया कि संजीव ने 29 जुलाई को उनकी दुकान का दौरा किया था। व्यापार के लिए एक किलो 429 ग्राम का सोना यानी 1 करोड़ 31 लाख 84 हजार 893 की कीमत का सोना लिया था। उस समय प्रक्रिया के अनुसार अनुमोदन वाउचर आरोपी के नाम यानी उसकी फर्म संजीव ज्वैलर्स के नाम पर जारी किया गया था। उस समय आरोपी ने कहा था कि उसके पास एक मजबूत पार्टी है। पीड़ित ने आरोपी को कहा था कि पहले इतनी भारी मात्रा में कोई सामान नहीं लिया। तो आरोपी ने कहा कि चिंता न करें, वह एक मजबूत पार्टी के साथ काम कर रहा है। बाद में पता चला कि आरोपी ने धोखाधड़ी की थी। संवाद