संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक करोड़ से अधिक की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी सुनील को पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने काबू किया है। आरोपी सोंटी गांव का रहने वाला है।
आरोपियों ने आयकर विभाग में नौकरी लगवाने के नाम पर करीब 1.10 करोड़ रुपये की ठगी की वारदात को अंजाम दिया था।
गोविंदगढ़ निवासी यादविंदर सिंह ने बताया कि आरोपी सुनील कुमार ने अपने दिल्ली और उत्तर प्रदेश के साथियों के साथ मिलकर उसे विश्वास में लिया था। आरोपियों ने दावा किया था कि उनकी ऊंची पहुंच है और वे चंडीगढ़ स्थित आयकर विभाग में उसकी व अन्य कई युवाओं की नौकरी लगवा देंगे। झांसे में आकर पीड़ितों ने 1 अगस्त 2024 से 31 जनवरी 2025 के बीच किस्तों में कुल 1 करोड़ 10 लाख रुपये आरोपियों को सौंप दिए।
समय बीतने के बाद जब न तो नियुक्ति पत्र मिला और न ही आरोपियों ने संतोषजनक जवाब दिया, तब पीड़ितों को ठगी का अहसास हुआ। पैसे वापस मांगने पर आरोपी जान से मारने की धमकियां देने लगे। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। नग्गल थाना पुलिस ने 16 मार्च 2026 को प्राथमिकी दर्ज कर जांच ईओडब्ल्यू को सौंपी थी।