शुक्रवार को अंबाला में हादसों का कहर रहा। साहा, अंबाला कैंट और नारायणगढ़ में इन हादसों ने चार जिंदगियां छीन ली। इनमें मामा-भांजा समेत एक छात्र और एक मजूदर शामिल हैं, जिन्होंने इन हादसों में दम तोड़ दिया। सभी हादसों पर इलाका पुलिस ने मौके का मुआयना किया और कार्रवाई शुरू कर दी है। शवों का पोस्टमार्टम कर शव वारिसों को सौंप दिए गए हैं।
अचानक आगे आया जानवर, बेकाबू हुई कार
साहा। साहा-शाहबाद मार्ग पर गांव छप्परा के पास हुए एक्सीडेंट में कार में सवार मामा-भांजे की मौत हो गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गांव नगला निवासी रूबल पुत्र जसवंत सिंह अपने नौ साल के भंाजे जशन निवासी अंटाला जिला मोहाली पंजाब के साथ कार में सवार होकर अपने किसी रिश्तेदार को छोडने के लिए नगला से साहा चौक पर गया था।
अपने रिश्तेदार को छोड़ कर जब रूबल वापिस अपने गांव नगला जा रहा था तो जैसे ही वह गांव छप्परा के पास पहुंचा तो किसी आवारा पशु को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई जिसमें रूबल के भांजे जश्र की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही साहा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जश्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया साथ ही रूबल को इलाज के लिए चड़ीगढ़ में भेजा गया जहां पर इलाज के दौरान रूबल की भी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रूबल की पत्नी को कुछ दिन पहले ही बच्चा हुआ था जिस कारण रूबल की बहन अपने मायके में आई हुई थी। मामा-भांजे की मौत की खबर सुनकर गांव में मातम छा गया है। जांच अधिकारी रविन्द्र ने बताया कि मामा-भांजे दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
छात्र की दर्दनाक मौत
नारायणगढ़। ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से एक छात्र की दर्दनाक मौत का समाचार है। दुर्घटना शहर के अग्रसेन चौंक के नजदीक शुक्रवार की दोपहर उस समय हुई जब यह छात्र सड़क पार करने का प्रयास कर रहा था। इस दुर्घटना में छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने टै्रक्टर-चालक के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए कार्रवाई आरंभ कर दी है। मिली जानकारी मुताबिक शहर के नजदीक स्थित संगरानी गांव वासी गुरप्रीत जो अम्बाला के एक शैक्षणिक संस्थान से एक कोर्स कर रहा था। शुक्रवार की दोपहर जब वह अंबाला से वापिस लौटा तो अग्रसैन चौक के नजदीक सड़क पार करते समय एक तेज रफतार टै्रक्टर-ट्राली चालक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। गुरप्रीत की मौके पर ही मौत हो गई। जांच अधिकारी राजपाल के मुताबिक ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
ट्रैक्टर से अचानक गिरा और मौत
तीसरी घटना में पंजाब के गुरदास जिला निवासी मक्कखन सिंह मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। जानकारी के अनुसार एक ट्रेक्टर में सवार होकर कुछ मजदूर दिल्ली में मजदूरी करने जा रहे थे। जैसे ही वह दिल्ली हाइवे पर शाहपुर के पास पहुंचे, तो वहीं उनकी ट्रेक्टर ट्राली के पास से एक बेकाबू और तेज रफ्तार ट्रक गुजरा, जिसने अचानक ट्रेक्टर को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तीन मजदूर हाइवे पर गिर गए। जिसमें मक्खन सिंह की मौत हो गई और दो अन्य मनप्रीत सिंह और विक्रम सिंह घायल हो गए। तीनों को कैंट सिविल अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने मक्खन सिंह को मृत घोषित कर दिया। उधर, ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।