अंबाला सिटी। अंबाला-हिसार रोड पर रविवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जनसूई के पास रांग साइड से आ रही हरियाणा रोडवेज की बस ने बाइक सवार तीन युवकों को रौंद दिया। हादसे में तीनों युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान संदीप उर्फ माडू, शिव भक्त उर्फ शंटी व मोहन लाल उर्फ बोना निवासी इस्माइलाबाद (कुरुक्षेत्र) के तौर पर हुई है। हादसे में शंटी बाइक चला रहा था और संदीप व मोहन पीछे बैठे थे। शंटी और संदीप वेल्डर का काम करते थे और तीनों युवक अविवाहित थे। हादसे के बाद आरोपी चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। नग्गल पुलिस ने मृतक शिव भक्त के भाई गुरसेवक की शिकायत पर आरोपी बस चालक सतीश कुमार निवासी प्रेम नगर (हांसी) के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे हरियाणा रोडवेज की हिसार डिपो की बस चंडीगढ़ से हिसार जा रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार होकर इस्माइलाबाद से अंबाला आ रहे तीनों युवकों को बस ने सैनी माजरा टोल प्लाजा के पास रौंद दिया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए शहर सिविल अस्पताल में भिजवाया।