अंबाला (मुलाना)। पेपर मिल में ड्यूटी कर घर लौट रहे दो सगे भाइयों की बाइक में कैंटर चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी होते ही परिजनों में मातम छा गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची मुलाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर एमएम मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम कराया गया है।
जानकारी के अनुसार गांव धनौरा निवासी 38 वर्षीय मुकेश और 30 वर्षीय विक्रम दोनों सगे भाई हैं। सोमवार की रात को कालाआंब स्थित पेपर मिल में काम करने के बाद बाइक से अपने गांव धनौरा लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक धनौरा बस स्टैंड के नजदीक पहुंची तभी तेज गति से आए कैंटर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया।
एक साल पहले हो गई थी पिता की मौत
मुकेश व विक्रम दोनों भाई ही अपनी मां का सहारा थे। उनके पिता की मौत कई साल पहले हो गई थी। दोनों भाइयों ने मिलकर ही घर को संभाला व अपनी दोनों बहनों की शादियां की। बड़े भाई मुकेश के पास एक बेटा व बेटी है, वहीं छोटे भाई विक्रम के पास एक लड़का है। लंबे समय पहले अपने पति को गंवा चुकी मां हादसे में दोनों बेटों को गंवा देने के बाद बेसुध मातम में थी। मां का रो रोकर बुरा हाल है। वहीं दोनों पत्नियों को भी अपने पतियों की मौत पर विश्वास नहीं हो रहा। मंगलवार शाम जब दोनों भाइयों की अर्थी को लेकर श्मशान घाट ले जाया गया तो अंतिम संस्कार में शामिल हर व्यक्ति की आंख नम थी। गांव में शोक की लहर है।