अंबाला। साइकिल पर सवार होकर दुकान से सामान लेने गए 9 वर्षीय बालक को ट्रैक्टर-ट्राली ने कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल बालक को परिजन छावनी के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचते तब तक वह दम तोड़ चुका था। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। इलाका पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद अज्ञात ट्रैक्टर-ट्राली चालक के खिलाफ केस दर्ज कर दिया।
जानकारी के अनुसार हिमांशु के पिता मजदूरी करते हैं और उनके पास चार बच्चे हैं। सुबह के समय हिमांशु अपने छोटे भाई को लेकर साइकिल पर पास ही दुकान से खाने का सामान लेने के लिए गया था। वापस लौटते समय छोटा भाई पीछे रह गया और हिमांशु अपनी साइकिल से जैसे ही गली के अंदर पहुंचा तो तेजरफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने टक्कर मार दी। इससे हिमांशु गिरते ही पहिए के नीचे आ गया। स्थानीय लोगों ने शोर भी मचाया तब तक हादसा हो चुका था। भीड़ के जमा होते ही चालक मौके से फरार हो गया।