ट्रेन में चढ़ते समय अचानक पैर फिसलने से रेलवे स्टेशन पर तैनात रेलवे कर्मचारी की मौत हो गई है। हादसा उस समय हुआ जब पश्चिम एक्सप्रेस प्लेटफार्म-7 से चलने वाली थी। रेलवे ट्रैक पर गिरने की वजह से कर्मचारी के शरीर से ट्रेन का पहिया गुजर गया और शरीर से धड़ अलग हो गया।
जीआरपी अधिकारी ने बताया कि मृतक रेलवे कर्मचारी की शिनाख्त 52 वर्षीय देवेंद्र कुमार निवासी रेलवे कॉलोनी के तौर पर हुई है। वह पत्नी व बच्चों सहित कॉलोनी में रहता था। देवेंद्र की ड्यूटी रेलवे स्टेशन पर एमसीएम के तौर पर टेलीकॉम डिपार्टमेंट में थी। वह शनिवार दोपहर लगभग 12.30 बजे ट्रेन नंबर 02926 कालका-बांद्रा स्पेशल के नीचे आ गया जो प्लेटफार्म नंबर-7 से चलने वाली थी। अधिकारी ने बताया कि विभागीय कर्मचारियों ने बताया कि उसकी ड्यूटी सुबह 6 से दोपहर 2 बजे तक थी।
हादसा किस वजह से हुआ यह अभी क्लीयर नहीं है। मृतक का जूता कीचड़ से सना था हो सकता है कि ट्रेन में चढ़ने के दौरान पैर फिसल गया हो। वहीं, एक लोहे की प्लेट से नुकीली वस्तु भी बाहर निकली हुई थी। इसमें रेलवे कर्मचारी का जूता फंसा हुआ था। मृतक की जेब से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मामले की गहनता से जांच जारी है।
सत्यवीर सिंह, जांच अधिकारी जीआरपी।