अंबाला-दिल्ली नेशनल हाइवे स्थित ढिल्लों कोल्ड स्टोर के पास हाईवे पर अचानक कुत्ता सामने आने से तीन कारों में भिड़ंत हो गई। हादसे में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के सदस्य वाईके गर्ग व उनकी पत्नी यामनी गर्ग की कार भी चपेट में आ गई। टक्कर लगते ही उनकी कार अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई। जबकि अमृतसर गुरुद्वारे में दर्शन के जा रहा इनोवा सवार दिल्ली वासी सुरपाल सिंह को गंभीर चोटें आई। वहीं अपनी आई-20 कार से अंबाला शादी में जा रही डॉक्टर मीनाक्षी भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीरों ने घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद एनजीटी सदस्य व उनकी पत्नी को पीजीआई रेफर कर दिया। जबकि अन्य दो अस्पताल में उपचाराधीन है। घायल मीनाक्षी के पति प्रदीप ने बताया कि वह पत्नी और एक अन्य दोस्त के साथ शादी में शामिल होने के लिए अंबाला आ रहा था। अचानक हाईवे पर एक कुत्ता आ गया जिसे बचाने के लिए ब्रेक मारी तो इसी दौरान पीछे आ रही इनोवा और एक अन्य गाड़ी ने टक्कर मार दी।
पत्नी के साथ शादी में जा रहा एनजीटी सदस्य
गुरुग्राम निवासी एनजीटी के सदस्य को हादसे में चोटें लगने की भनक लगते ही पीडब्ल्यूडी विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर एससी, एक्सईएन, एसडीओ, जेई सहित अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंच गए। अधिकारियों का कहना था कि वाईके गर्ग मौजूद समय में एनजीटी के सदस्य हैं। वह पीडब्ल्यूडी से बतौर एक्सईएन रिटायर्ड हैं। वह पत्नी के साथ पंचकूला में किसी रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। डॉक्टर का कहना है कि गर्ग की छाती में अंदरूनी चोटें और उनकी पत्नी यामनी गर्ग को सिर में गहरी चोट लगी है।
हाईवे पर कुत्ता सामने आने से हादसा हुआ है। हादसे में चार लोग घायल हैं जिसमें दो महिलाएं भी शामिल है। घायलों में दो को चंडीगढ़ रेफर कर दिया। जबकि दो अन्य नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
कृष्ण लाल, इंचार्ज, मोहड़ा चौकी