राजस्थान के झुंझनू में बेटी की शादी में शामिल होने जा रहा परिवार वीरवार को हादसे का शिकार हो गया। हादसे में 9 वर्षीय बच्ची काव्या के सिर में गहरी चोट लगी है। सिर की हड्डी टूटने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया। जबकि कार में सवार एक अन्य बच्ची के साथ उसकी मां, दादी, मामा और मासी बाल-बाल बच गए। हादसे में घायल हुए सभी लोगों को अंबाला शहर के जिला नागरिक अस्पताल में लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें डिसचार्ज कर दिया गया। कार में पूरे परिवार के साथ अर्चना भी सवार थी। अर्चना की 9 फरवरी को शादी तय हुई है। जैसे ही हादसा हुआ अर्चना भी पूरी तरह से कांप गई। उसे अब अपनी भांजी का काव्या की चिंता सता रही थी।
कैसे हुआ हादसा
हिमाचल के बद्दी निवासी संगीता अपनी शादीशुदा बेटी सोनिका और छोटी बेटी अर्चना, बेटे राहुल और अपनी दो पोतियों काव्या 9 साल व 6 साल की जैसमीन के साथ झुंझनू जा रहे थे। इनोवा कार में सवार परिवार जैसे ही कुरुक्षेत्र के ठोल के पास पहुंचा तो आगे चल रहे ट्रक ने कट पर अचानक ब्रेक मार दिए। जिस कारण पीछे से आ रही इनोवा ट्रक में जा घुसी। ट्रक से टक्कर होते ही कार के बैलून खुल गए और राहुल समेत सभी की जान बच गई।
कैथल के सुरजीत ने दिखाई इंसानियत
हादसे के वक्त कैथल का सुरजीत किसी काम से अपनी कार में अंबाला आ रहा था। जैसे ही उसने हादसा देखा तो तुरंत उसने अपनी कार रोकी और सभी घायलों को अपनी कार में लेकर अंबाला जिला नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया।