ओल्ड दिल्ली रोड स्थित अंबाला क्लब के सामने सवारियों से भरा एक ऑटो पलट गया। जिससे मनजीत कौर 28 व बेटी हर्षप्रीत को चोटें आई। ऑटो पलटते ही मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। लोगों ने ऑटो के नीचे दबी सवारियों को निकाला। वहीं कुछ तमाशबीन मोबाइल में वीडियो बनाते नजर आए। मौके पर पहुचीं पीसीआर ने मां और बेटी को शहर के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां से दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। घायल मनजीत ने बताया कि परिवार में शादी है उसी की तैयारियों के चलते अपनी बेटी के साथ कपड़ा मार्केट जा रहे थे। लेकिन अंबाला क्लब के पास ऑटो चालक के कट मारने से ऑटो पलट गया। वहीं ऑटो चालक दिलेर सिंह ने बताया कि अंबाला क्लब के सामने सड़क पर गड्ढे होने के कारण ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। मॉडल टाउन चौकी इंचार्ज ने बताया कि हादसे की सूचना मिली थी लेकिन किसी ने शिकायत दर्ज नहीं करवाई।