एसीबी टीम ने लिया विकास कार्यों का जायजा
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ और अंबाला की एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की संयुक्त टीम ने शहर के महावीर पार्क और नौरंगराय तालाब में पिछले दस वर्षों से चल रहे विकास कार्यों की जांच शुरू की है। यह कार्रवाई स्थानीय विधायक निर्मल सिंह की शिकायत के आधार पर की गई। जांच के दौरान टीम ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, सामग्री और दस्तावेजों की पड़ताल की। चार घंटे तक चली इस कार्रवाई में एसीबी के तकनीकी कार्यकारी अभियंता नीरज शर्मा और उनकी टीम शामिल थी। टीम ने नगर निगम के अधिकारियों और संबंधित एजेंसी से सवाल-जवाब किए तथा निर्माण सामग्री के नमूने टेस्ट के लिए एकत्र किए।
प्लानिंग में गड़बड़ी के संकेत: नीरज शर्मा
एसीबी के जांच अधिकारी नीरज शर्मा ने बताया कि उन्हें दो शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनमें महावीर पार्क और नौरंगराय तालाब के विकास कार्यों में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए थे। प्रारंभिक जांच में परियोजना की प्लानिंग में खामियां सामने आई हैं। शर्मा ने कहा प्रथम दृष्टया, ऐसा प्रतीत होता है कि योजना स्तर पर अनियमितताएं हुई हैं। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, मामले की तह तक पहुंचा जाएगा।
उन्होंने बताया कि नगर निगम से आवश्यक दस्तावेज मांगे गए हैं, जिनमें से कुछ अभी लंबित हैं। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच के लिए नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं। शर्मा ने स्पष्ट किया कि यह जांच एक दिन की प्रक्रिया नहीं है और सभी दस्तावेजों की गहन जांच के बाद सरकार को विस्तृत रिपोर्ट सौंपी जाएगी। यदि अनियमितताएं पाई गईं, तो सरकार इस पर उचित कार्रवाई करेगी।