अंबाला छावनी में एसी का कम्प्रेसर फटने से चार लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने के बाद इलाका पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। उधर, धमाके की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदारों का जमावड़ा लग गया।
अंबाला छावनी के रामपुर गांव के मोड़ पर एक एसी रिपेयर की दुकान में ठीक करते समय अचानक एसी का कम्प्रेसर फट गया। हादसा इतना दर्दनाक था कि धमाके की गूंज काफी दूर तक सुनाई दी और दुकान में दो मैकेनिक सहित दो हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गए। किसी के पेट तो किसी की बाजू में गहरी चोटें आई।
विज्ञापन
उपचार के लिए छावनी नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां से रामपुर गांव निवासी कुलवंत की बिगड़ती हालत को देखते हुए चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया।
डॉक्टर का कहना था कि मैकेनिक कुलवंत की एक बाजू की नस कट गई तो दूसरी में गहरे घाव के कारण उसे रेफर कर दिया। जबकि मैकेनिक राज कुमार के भी शरीर पर जगह चोटें आई और हेल्पर अकबरपुर निवासी गौरव व चंदपुरा निवासी गुरजीत को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में दाखिल कर लिया।
हादसे की सूचना मिलने के बाद इलाका पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। उधर, धमाके की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदारों का जमावड़ा लग गया और दुकान का भी सामान क्षतिग्रस्त हो गया।