अंबाला। स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले दलीपगढ़ में 32 वर्षीय सूरजवीर सिंह की अज्ञात ने पेट में धारदार हथियार मारकर हत्या कर दी। बदमाश ने वीरवार रात 11 बजकर 30 मिनट पर वारदात को अंजाम दिया। अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश मौके से भाग गया। गली में खून से सना शव देखकर पड़ोसी ने परिजनों को सूचित किया।
अभी तक इलाके के सीसीटीवी फुटेज से भी आरोपी का कोई सुराग नहीं लग पाया है। अंबाला कैंट थाना पुलिस ने मृतक के भाई सत्यजीत सिंह की शिकायत पर अज्ञात पर बीएनएस में हत्या की धारा 103 के तहत मामला दर्ज कर लिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
पुरानी रंजिश से भी जोड़कर देखा जा रहा मामला : हत्यारे का पता लगाने के लिए पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। मृतक के दोस्तों से भी पूछताछ करने के अलावा पुरानी रंजिश को लेकर भी जांच कर रही है। मृतक के भाई सत्यवीर ने बताया था कि भाई का कुछ साल पहले इलाके में भी झगड़ा हुआ था। हालांकि उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन उस बारे में भी पुलिस को बता दिया गया है ताकि उसकी भी जांच हो सके। उधर, स्वतंत्रता दिवस पर जिले में हाई अलर्ट था। जगह-जगह नाकाबंदी के बावजूद इस वारदात ने पुलिस की मुस्तैदी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।