अंबाला सिटी। रंजिशन हमले में जग्गी गार्डन निवासी को तीन युवकों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह हमला उस समय किया गया जब वह अपनी कार में बैठा था। इस दौरान एक्टिवा पर आए तीन युवकों नवराज, आर्यन व ऋषभ ने बेसबॉल बैट से हमला किया। पुलिस ने अंकित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। अंकित ने बताया कि वह मुरलीधर डीएवी पब्लिक स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ता है। लगभग 10-12 दिन पहले नवराज के साथ अन्य लड़कों का वाटिका कॉलोनी में अर्बन विलेज के पास झगड़ा हुआ था। नवराज सिंह ने इससे पहले 24 सितंबर 2024 को उसके साथ मोहन बेकरी सेक्टर 1 शहर में लड़ाई करके चोट मारी थी। इस कारण से नवराज सिंह ने सोचा कि यह झगड़ा उसने करवाया है और इसी बात की वह उसके खिलाफ मन में रंजिश रखे हुए था।
अंकित ने बताया कि 28 जुलाई को वो अपनी कार शाम लगभग 4:30 बजे मोहन बेकरी पर गया था, जब कार में सवार होकर वापस अपने घर की तरफ जा रहा था तो बलदेव नगर रेलवे फाटक के पास नवराज अपने दो अन्य दोस्त आर्यन सूद व ऋषभ के साथ अपनी एक्टिवा पर उसकी कार के पीछे लग गया। जब वह उनसे बचने के लिए कपूर पान हाउस के पास पहुंचा तो भीड़ के कारण उसे कार रोकनी पड़ी, तभी नवराज, आर्यन व रिषभ ने बेसबॉल मारकर कार के शीशे तोड़ दिए और उसका सिर फोड़ दिया। भीड़ एकत्रित होते देख तीनों एक्टिवा को मौके पर छोड़कर भाग गए।