अंबाला। उगाला के निकट बाछल फार्म रकबा के पास एक गाड़ी ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना दर्दनाक था कि 22 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। गांव सुभरी निवासी अजय कुमार के रूप मृतक की पहचान हुई। अजय विदेश जाने की तैयारी में लगा हुआ था। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मिले नंबर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक पर भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
गांव सुभरी निवासी कृष्ण पाल ने बताया कि उसका छोटा बेटा अजय कुमार पढ़ाई करता था। अजय विदेश जाने के लिए तैयारी भी कर रहा था। रविवार देर रात गांव उगाला गया था। वह भी बाइक पर पीछे-पीछे था। बाछल फार्म रकबा (उगाला) के पास पीछे से एक गाड़ी आई और सीधे उसके बेटे की बाइक को टक्कर मारी। उसका बेटा अजय कुमार सड़क पर जा गिरा और बाइक सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। कृष्ण पाल ने बताया कि आरोपी कार चालक थोड़ा आगे जाकर रुका और लोगों के इकट्ठे होते देख फरार हो गया। एंबुलेंस की मदद से बेटे को सीएचसी बराड़ा लेकर पहुंचे तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कार के नंबर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी कार चालक की तलाश शुरू कर दी।