अंबाला। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ट्रेनों में ही नहीं बल्कि रेलवे स्टेशनों पर भी यात्री सुरक्षा में विशेष योगदान दे रही है। ऐसा ही एक सराहनीय कार्य अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन की आरपीएफ पोस्ट पर तैनात सिपाही राजेश कुमार ने किया है। राजेश ने अपनी जान की परवाह न करते हुए प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच फंसी महिला की जान बचाकर एक मिसाल कायम की है।
मामला रविवार शाम लगभग पांच बजे का है। ट्रेन नंबर 12920 कटरा-डॉ. आंबेडकर नगर एक्सप्रेस रोजाना की तरह अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म 2 पर पहुंची थी। भीड़ के चलते आरपीएफ की तरफ से कर्मचारियों की तैनाती की गई थी लेकिन ट्रेन के चलते ही अचानक एक महिला आरक्षित कोच में चढ़ने की कोशिश करने लगी। उसके पास एक बैग भी था लेकिन ट्रेन की गति का महिला अंदाजा नहीं लगा पाई और उसने जैसे ही दरवाजे के पास लगी लोहे की ग्रिल को पकड़ने की कोशिश की तो उसका हाथ ग्रिल से छूट गया और वो चलती ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फंस गई।
इस दौरान कुछ दूरी पर तैनात सिपाही राजेश कुमार ने यह देख उसकी जान बचाने के लिए वो मौके पर पहुंच गया और पटरियों पर गिरने से पहले ही उसने महिला को अपनी तरफ खींच लिया और उसकी जान बचा ली। इस दौरान मौके पर कुछ अन्य यात्री भी एकत्रित हो गए और उन्होंने सिपाही राजेश कुमार के इस कार्य की सराहना की।
प्राप्त जानकारी अनुसार महिला यात्री दिल्ली जाने के लिए अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर आई थी। पहले वो कोच में चढ़ने के लिए आगे-पीछे होती रही लेकिन जैसे ही ट्रेन चली तो वो भी कोच में चढ़ने के लिए भागने लगी और उसने जैसे ही कोच के दरवाजे पर लगी लोहे की ग्रिल को पकड़ना चाहा तो वो अचानक छूट गई।