- यात्री की शिकायत पर रेलवे ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। स्टेशन पर छोले-कुलचे की प्लेट में धागे का टुकड़ा मिलने की शिकायत पर रेलवे प्रशासन ने स्टाल नंबर 68 के संचालक पर 5000 रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही हिदायत दी गई है कि यदि दो दिन के भीतर जुर्माने की राशि जमा नहीं की गई तो स्टाल को सील कर दिया जाएगा।
जांच में सामने आया है कि यात्री ने मौके पर ही शिकायत दर्ज कराई थी। स्टॉल संचालक के मुताबिक, उन्होंने तुरंत गलती मानते हुए यात्री को छोले-कुलचे के पूरे पैसे वापस कर दिए थे। हालांकि, रिफंड लेने के बावजूद यात्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मामले की फोटो साझा कर रेलवे को टैग कर दिया। सोशल मीडिया पर मामला उछलते ही विभागीय अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए। जांच में धागा मिलने की पुष्टि होने पर इसे खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन माना गया।
वर्जन
सभी वेंडरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे साफ-सफाई और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें।
- एनके झा, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल