फोटो नंबर - 22 से 25
क्रॉसर
हादसे के बाद फरार हो गया निजी बस चालक
दवा की फैक्टरी में करते थे सफाई का काम
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। अंबाला-जगाधरी हाईवे पर एक तेज रफ्तार प्राइवेट बस चालक ने साइकिल चालक बब्याल निवासी 49 वर्षीय नरेश को कुचल दिया। व्यक्ति का सिर बस के पहिये की चपेट में आ गया और मौके पर ही मौत हो गई। चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर इलाका पुलिस मौके पर पहुंची और बस को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की। महेश नगर थाना प्रभारी रामपाल ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी को काबू कर लिया जाएगा। मृतक के बेटे अभिषेक ने बताया कि उसके पिता नरेश अंबाला छावनी के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मेडिकल की फैक्टरी में सफाई का काम करते थे। रोजाना की तरह वह सुबह 10 बजे घर से साइकिल पर निकले थे। जैसे ही वह टांगरी बांध वाली रोड से हाईवे पर चढ़ते तो पीछे से आ रही प्राइवेट बस ने अपनी चपेट में ले लिया।
पुलिस ने छावनी नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। उधर, अस्पताल परिसर में ही मातम पसर गया। बताया जाता है कि बस पर यमुनानगर का बोर्ड लगा था। वह अंबाला से यमुनानगर तक चलती थी।
हादसे वाले चौक पर रहती है जाम की समस्या
साकेत अस्पताल के सामने हाईवे पर जहां हादसा हुआ है, वहां पर ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ी रहती है। टांगरी बांध पर बनी सड़कें दोनों तरफ से हाईवे पर उतरती है और वहीं पर हाईवे के डिवाइडर के बीच में कट है। साथ ही पैट्रोल पंप भी है। ऐसे में इस चौक पर सुबह से रात तक जाम की स्थिति बनी रहती है। बावजूद इस पर किसी पुलिस ट्रैफिक मुलाजिम की ड्यूटी नहीं लगती है।
हादसे बाद टांगरी पुल के पास खड़ी बस- फोटो : Ambala