अंबाला। अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे स्थित सुल्तानपुर कट के पास रविवार सुबह वोल्वो बस की चपेट में आकर मंगलई गांव निवासी सुरेंद्र (50) की मौत हो गई।
वह प्लंबर का काम करते थे। वह जैसे ही सड़क पार कर रहे थे कि बस ने कुचल दिया। सिटी के नागरिक अस्पताल लाने तक उन्होंने दम तोड़ दिया। बलदेव नगर थाना पुलिस ने मृतक के बेटे राहुल की तहरीर पर बस चालक पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
तेल हो गया था खत्म : मंगलई गांव निवासी राहुल ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनके पिता सुरेंद्र 20 फरवरी को पंजाब के दप्पर तोगापुर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शनिवार रात करीब 8:15 बजे उनकी बात बेटी पायल से हुई थी। बताया था कि बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया है और वह थोड़ी देर में घर पहुंच जाएंगे। इसके बाद उनका फोन बंद हो गया। परिवार रातभर इंतजार कर रहा था। सुबह 4 बजे पैदल चलते हुए बस ने उन्हें टक्कर मार दी।
सूचना मिलने पर वह चाचा राकेश व ताऊ श्रवण मौके पर पहुंचे थे। सीसीटीवी कैमरों की मदद से बस की पहचान की जा रही है। संवाद