संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। छावनी नागरिक अस्पताल के समीप ही नया बस क्यू शेल्टर बन गया है। इसके बाद भी रोडवेज और परिवहन समिति की बसें इस नए बस क्यू शेल्टर पर रूक नहीं रही हैं।
इन बसों को चालक पहले की तरह छावनी नागरिक अस्पताल के गेट पर रोक रहे हैं और यहीं से सड़क के किनारे खडे़ यात्रियों को बसों में चढ़ा रहे हैं। नागरिक अस्पताल के सामने बसों को रोकने के दौरान ऑटो चालक भी सवारियों को बैठाने के लिए राजमार्ग पर ही ऑटो लगा देते हैं, जिससे जाम और दुर्घटना की स्थिति बनती है।
इसी के चलते अस्पताल से कुछ दूरी पर नया बस क्यू शेल्टर बनाया गया है, ताकि कोई भी बस अस्पताल के सामने नहीं रुके। शनिवार को पुलिस पीसीआर भी तैनात की गई। जितनी देर पुलिस रही उनती देर चालकों ने बसें व ऑटो यहां नहीं रोके, पुलिस के जाते ही फिर जाम जैसे हालात बन गए।
आसपास के क्षेत्रों से आते हैं मरीज और विद्यार्थी : यमुना नगर, नारायणगढ, बराडा, मुलाना और साहा से सैकडों लोग अंबाला छावनी और अंबाला सिटी की और आते हैं। इसमें अधिकतर स्कूल और कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्र, वहीं कई यात्री नागरिक अस्पताल और अटल कैंसर केयर अस्पताल में उपचार करवाने के लिए आते हैं।
इन स्थानों पर बनने हैं बस क्यू शेल्टर : नगर परिषद अंबाला सदर की तरफ से अंबाला छावनी में 23 बस क्यू शेल्टर बनाए जाने हैं, जिसमें से कुछ बस क्यू शेल्टर बन चुके हैं। जिसमें जनता स्वीटस, सुभाष पार्क और नागरिक अस्पताल के बगल में नए बस क्यू शेल्टर का निर्माण हो चुका है। इस बस क्यू शेल्टर पर रोडवेज की और से बसों की समय सारणी और कहा कहां जानी है। इसके लिए बोर्ड भी लगा दिया गया है। लेकिन इसके बाद भी बहुत कम मात्रा में यात्री आ रहे हैं।
इन स्थानों के यात्रियों को मिलेगी बस की सुविधा : बस क्यू शेल्टर से यमुनानगर, बोह नगला, बराडा, नन्हेडा, ब्राहमण माजरा, साढौरा, कडासन -कोडवा खुर्द, धुराला, साहा कारखाना क्षेत्र, बोह, बब्याल, अकालगढ़, कसेरला,रछेडी, टोबा, पंजेल शाहाबाद, चूडियाला, पिलखनी, बीहटा, अलावलपुर, बराडा तंदवाल, अलीपुर, धुराला, कंबासी, सारन आदि ग्रामीण क्षेत्र शामिल हैं।
अंबाला छावनी नागरिक अस्पताल के बाहर बसों को रोककर सवारी बैठाता चालक। संवाद