जगाधरी। बर्तन फैक्टरी में काम करने वाले मजदूर ने वीरवार की रात को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक का शव घर में ही बाथरूम में फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक कर्ज के कारण कई दिन से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।
दुर्गा गार्डन में किराये पर रहने वाले विकास की पत्नी विनिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी शादी 14 साल पहले बर्तन फैक्टरी में काम करने वाले विकास से हुई थी। उनका एक नौ साल का बेटा है। उसने कई जगह से ऋण लिया हुआ था। इसलिए वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। वीरवार की रात करीब नौ बजे वह और बेटा खाना खाने के बाद सो गए। जब वह सुबह उठे तो बाथरूम का दरवाजा बंद था। पहले तो परिजनों ने सोचा कि विकास बाथरूम में है। काफी देर बाद भी जब बाथरूम का दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने अंदर देखा। विकास का शव चुन्नी से फंदे पर लटका हुआ था। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और जांच शुरू कर दी।
अर्जुन नगर चौकी के जांच अधिकारी इम्तियाज अली ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजन को सौंप दिया। परिजन ने किसी पर कोई शक या आरोप नहीं लगाया है।
-