संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। बीसी बाजार स्थित गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल (जीएसएसएस) की बस में शनिवार को आग लग गई। हादसा तोपखाना परेड के पास उस समय हुआ, जब छुट्टी के बाद बस बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। इंजन से धुआं और आग की लपटें उठती देख बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
आनन फानन सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इससे एक बड़ा हादसा बच गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने करीब 40 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से बस का अगला हिस्सा पूरी तरह जल गया है। हालांकि घटना के दौरान बस में पांच बच्चे मौजूद थे जबकि करीब 35 बच्चे पहले ही अपने-अपने घर के आसपास उतारे जा चुके थे।
दमकल कर्मी पपिंदर सिंह ने बताया कि बीसी बाजार के सरकारी स्कूल की बस दोपहर लगभग 2:30 बजे बच्चों को लेकर घर छोड़ने के लिए रवाना हुई थी। जैसे ही बस तोपखाना परेड के पास पहुंची उसके इंजन के अगले हिस्से से तेज धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बस रोकी और राहगीरों की मदद से बच्चों को एक-एक कर सुरक्षित नीचे उतारा। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में बस का अगला हिस्सा पूरी तरह जल गया।
अंबाला छावनी के तोपखाना परेड में आग में जली स्कूली बस। संवाद
अंबाला छावनी के तोपखाना परेड में आग में जली स्कूली बस। संवाद
अंबाला छावनी के तोपखाना परेड में आग में जली स्कूली बस। संवाद