अंबाला। सिटी के प्रेम नगर निवासी सर्राफ नरेंद्र से उनके ही करीबियों ने क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर 6 करोड़ 90 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने देश के मुख्य न्यायाधीश का नाम लेकर झांसे में लिया।
बलदेव नगर थाना पुलिस ने नरेंद्र की तहरीर पर महेश, धीरज, मोहन शर्मा व प्रदीप पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। यह कार्रवाई अमानत में ख्यानत 316(2), धोखाधड़ी 318(4), आपराधिक साजिश 61(2) की धाराओं के तहत की।
जग्गी सिटी सेंटर की पार्किंग में हुई डील : पुलिस को दी तहरीर में सिटी के प्रेम नगर निवासी नरेंद्र ने बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलिंग और सुनार का काम करते हैं। करीब 3 साल पहले उनकी मुलाकात भिवानी के जताई गांव निवासी महेश कुमार से हुई। महेश ने अपने तीन अन्य साथियों भिवानी के दिनौद निवासी धीरज, झज्जर के देवरखाना निवासी मोहन शर्मा, चरखी दादरी के जीतपुरा गांव निवासी प्रदीप कुमार के साथ मिलकर अंबाला के जग्गी सिटी सेंटर की पार्किंग में मुलाकात की। आरोपियों ने झांसा दिया कि वह निवेश की गई रकम को एक साल में 6 गुना कर देंगे और 2 प्रतिशत मासिक ब्याज भी देंगे।