माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला। पुलिस चौकी में शिव मंदिर तसड़ौली की जमीन पर किए गए कब्जे की शिकायत के समाधान के लिए पहुंचे गांव के ही दो पक्षों के लोग आपस में उलझ गए। इतना ही नहीं इन लोगों ने चौकी में ही एक दूसरे के साथ न केवल गाली-गलौज किया बल्कि थप्पड़-मुक्के मारते हुए कपड़े तक फाड़ दिए। पंजोखरा थाना पुलिस ने मामले में 19 नामजद व करीब 25 अन्य पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में गांव तसडौली निवासी संदीप शर्मा बताया कि मैंने प्राचीन शिव मंदिर की जमीन पर कब्जे के मामले में 22 मई को जयराम शर्मा के खिलाफ शिकायत दी थी। इस मामले को लेकर प्रवीन कुमार व एक अन्य ने भी अश्वनी कुमार, प्रवीन व अन्य के खिलाफ पुलिस चौकी में शिकायत दी हुई थी। इसकी जांच हेड कांस्टेबल संजय कुमार कर रहे थे। 23 मई को दोनों पक्षों की ओर से प्रवीन कुमार, जय राम, अश्वनी, राज कुमार, संदीप, राजेश कुमार, अजय कुमार, अंकुश, मंदीप, दीपक, राजेंद्र, रुपचंद, अश्वनी, जय भगवान, प्रिंस, प्रदीप , महावीर, बोबी, संदीप शर्मा और 20/ 25 व्यक्ति इनके साथ पुलिस चौकी पटवी में अपना अपना पक्ष रखने के लिए आए थे।
पंचायती तौर पर विवाद को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान सुबह करीब साढ़े 11 बजे पुलिस चौकी पटवी के परिसर में दोनों पक्ष के व्यक्ति आपस में एक दूसरे से गाली-गलौज करने लग गए। एक दूसरे को थप्पड़ मुक्कों से मारना-पीटना शुरू कर दिया। एक-दूसरे को चोटें मारी। हेड कांस्टेबल संजय कुमार और एसआई पुलिस चौकी ने मिलकर समझाने का प्रयास किया परंतु ये व्यक्ति मारपीट करते रहे। इतना ही नहीं एक दूसरे के कपड़े तक फाड़ दिए। बाद में चौकी के सामने सड़क पर आकर भी मारपीट की।