संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। इस बार सेक्टरों में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की जगह पर लोग सामान बेचने के लिए नि:शुल्क स्टाल नहीं लगा पाएंगे। स्टाल लगाने वाले लोगों को जगह अनुसार चार्ज देना पड़ेगा। एचएसवीपी की ओर से इस बार दीपावली पर तीन दिन ही स्टाल लगाने की अनुमति दी जाएगी। सेक्टरों में 100 स्कवेयर फीट तक स्टाल लगाने पर 880, 100 से 225 स्कवेयर फीट तक 1600 और 225 से 500 स्कवेयर फीट तक स्टाल लगाने पर 2100 रुपये का शुल्क देना होगा।
मौके पर कटेगी पर्ची : शहर में सेक्टर-1, 7, 8, 9 और 10 एचएसवीपी के अंतर्गत आता है। इन सेक्टरों में त्योहारी सीजन में कई जगहों पर लोग स्टाल लगाकर सामान बेचते हैं। पहले तो विभाग की ओर से स्टाल लगाने के लिए शुल्क नहीं किया जाता था। अब इसके लिए शुल्क लेने का प्रावधान किया गया है। विभाग के अधिकारी मौके पर जाकर ही ऐसे स्टाल संचालकों की पर्ची काटेंगे और उनसे शुल्क वसूलेंगे। शुल्क न देने पर उनके स्टाल को जब्त कर लिया जाएगा।