साहा। सबगा गांव में आबादी की जगह के पुराने विवाद को लेकर कुछ हमलावरों ने एक घर पर हमला कर दिया। हमले में एक युवती के सिर पर कसी मारकर उसे लहूलुहान कर दिया गया। जबकि उसके पिता और चाचा के साथ भी मारपीट की गई। पुलिस को दी शिकायत में सबगा निवासी मनप्रीत ने बताया कि उनका पड़ोसी कमल कुमार के साथ जमीन का विवाद था, जो पंचायती तौर पर सुलझ चुका था। इसके बावजूद आरोपी रंजिश रखते थे। सोमवार शाम करीब 5 बजे जब मनप्रीत और उसके चाचा संजय पसियाला गांव के पास से गुजर रहे थे, तब आरोपी सुखविंदर ने उन्हें रोककर मारपीट शुरू कर दी। सूचना मिलते ही परिजन घर से निकले तो इसका फायदा उठाकर आरोपी सुखविंदर, कमल, अभिषेक, हैप्पी, पिना, काला चौकीदार और उसका साला हथियारों के साथ मनप्रीत के घर में घुस गए। आरोपियों ने घर में अकेली मौजूद मनप्रीत की बहन काजल के सिर पर कसी से तेजधार हथियार से वार कर दिया, इससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपियों ने गली में उसके पिता मदन लाल को भी पीटा और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
घायल युवती को तुरंत बराड़ा सरकारी अस्पताल दाखिल कराया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने हेड सीटी स्कैन और एक्स-रे की सिफारिश की है। पुलिस के सहायक उप-निरीक्षक नवीन कुमार ने पुलिस टीम के साथ गांव सबगा और पीर मजार के पास घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने बताया कि मौके पर जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ दंगा/बलवा हथियार सहित की धारा 191(3), गैर-कानूनी जनसमूह का सदस्य 190, गलत तरीके से रोकना 126(1) , स्वेच्छा से चोट पहुंचाना 115(2), जानलेवा हमला 110 और आपराधिक धमकी 351(3) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।