अंबाला। हिंदुस्तान में एक जमात पैदा हो गई है जो हर अच्छे काम का विरोध कर रही है। यह पुरानी संसद थी, जिसमें सुविधाएं भी कम थी, उसके स्थान पर नया संसद भवन बनाया गया है। लोकतंत्र रूपी नए मंदिर का जो भी राजनीतिक पार्टियां बहिष्कार कर रही हैं, हर देशभक्त को उन पार्टियों का बहिष्कार कर देना चाहिए। नए संसद भवन पर विपक्षी दलों द्वारा विरोध करने के मसले पर हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह बात कही।
उन्होंने कहा कि देश की कांग्रेस सहित जो विपक्षी पार्टियां हैं, उनका अंग्रेजों से अभी भी मोह नहीं गया। उन्हें अंग्रेजों द्वारा बनाई गई चीजें ज्यादा पसंद हैं। उनको देश के कारीगरों द्वारा बनाई गई चीजें पसंद नहीं हैं, इसीलिए वो विरोध कर रहे हैं। विज ने कहा कि विपक्ष का विरोध करना जायज है लेकिन हर अच्छे काम का विरोध करना ठीक भी नहीं है। जैसे असुर किसी भी अच्छे काम या यज्ञ में अर्चन डालते थे, जैसे ताड़का आकर उसमें हड्डियां डाल देती थी, यह बिल्कुल वही काम कर रहे हैं। संसद की तरह राम मंदिर के नए भवन का विपक्ष द्वारा विरोध जताने की संभावना पर गृहमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में राम मंदिर बन सका है। विपक्ष ने तो इसे कभी बनने ही नहीं दिया।
केंद्र सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर गृहमंत्री विज ने खुशी जताते हुए कहा कि हिंदुस्तान के इतिहास में यह स्वर्णिम युग रहा। हिंदतुस्तान में हर क्षेत्र आगे बढ़ रहा है। गरीब से गरीब आदमी की भी चिंता की जा रही है।