अंबाला। वंदे भारत सहित दुर्ग एक्सप्रेस का रास्ता रोकने वाले दैनिक यात्रियों की मुसीबत बढ़ने वाली है। आरपीएफ ने ट्रेन के आगे खड़े होकर रेलवे ट्रैक बाधित करने वालों पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी है।
ऐसे दैनिक यात्रियों के खिलाफ आरपीएफ की ओर से मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के तहत वीडियो फुटेज की मदद ली जाएगी। स्टेशन मास्टर को लिखित शिकायत सौंपने वाले दैनिक यात्रियों का नाम व मोबाइल नंबर भी लिया गया है।
खुफिया एजेंसियों की नाकामी
कैंट रेलवे स्टेशन पर 20 से 30 लोगों ने हंगामा कर दिया और फिर रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर ट्रेनों के पहिये रोक दिए। यह रेलवे से जुड़ी खुफिया एजेंसियों की भी एक बड़ी लापरवाही है। इन्हें इस बात की जानकारी नहीं हुई कि एक दिन पहले स्टेशन पर प्रदर्शन करने वाले दैनिक यात्री ट्रेन का संचालन भी बाधित कर सकते हैं।
नहीं जागी सुरक्षा एजेंसी
यह भी सामने आया है कि शुक्रवार की सुबह जब ट्रेन निर्धारित समय पर नहीं पहुंची तो कुछ यात्री स्टेशन मास्टर के कार्यालय में पहुंच गए और यहां हंगामा करने लगे। जब हंगामे की सूचना सुरक्षा एजेंसियों को देने के लिए फोन किया तो किसी से संपर्क नहीं हो पाया।
यह है मामला
अंबाला से अंब अंदौरा के बीच चलने वाली मेमू ट्रेन नंबर 64563 का विस्तार रायपुर हरियाणा स्टेशन तक हो गया है। ऐसे में अब यह मेमू ट्रेन घंटों की देरी से अंबाला स्टेशन पर पहुंच रही है। इस कारण सहारनपुर, यमुनानगर और बराड़ा सहित ग्रामीण क्षेत्रों से चंडीगढ़ जाने वाले दैनिक यात्री परेशान हो रहे हैं, क्योंकि उन्हें ड्यूटी में देरी होती है। इस कारण दैनिक यात्रियों ने शुक्रवार को कैंट स्टेशन पर आई अंब अंदौरा वंदे भारत सहित उधमपुर-दुर्ग एक्सप्रेस का संचालन बाधित कर दिया था।
वर्जन
देश की प्रीमियम ट्रेन का संचालन बाधित करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। उनके खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई की जा सके। इसमें वीडियो फुटेज की भी मदद ली जा रही है।
रविंदर सिंह, प्रभारी आरपीएफ अंबाला।