बब्याल के निकट संदिग्ध परिस्थितियों में एक कार अनियंत्रित होकर टांगरी नदी में गिर गई। रविवार देरशाम को हुई बरसात के कारण नदी में पानी भी था और बहाव तेज होने के कारण कार कुछ दूरी तक बह भी गई। जैसे ही पानी कार की खिड़की के जरिए अंदर जाने लगा तो युवकों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। स्थानीय लोग नदी किनारे जमा हो गए और बीच बचाव का प्रयास करने लगे। आखिर में जैसे- तैसे तीनों युवक बाहर निकलकर मौके से फरार हो गए। उधर, अभी पुलिस गाड़ी का नंबर न होने के कारण मामले की जांच कर रही थी कि तभी कार मालिक सामने आया। जिसने अपनी कार एक रात पहले ही घर से गायब होने की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी।