अंबाला। रेलवे से सेवानिवृत्त लोको पायलट 73 वर्षीय बुजुर्ग को सांड़ ने सींगों पर उठाकर पटक दिया। घटना वीरवार सुबह की है। सांड़ के हमले में बुजुर्ग की पसलियों में फ्रैक्चर आ गया है, इसके साथ ही उनका होठ कट गया और एक दांत भी टूट गया। घायल अवस्था में बुजुर्ग को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उनकी बिगड़ती हालत को देखकर डॉक्टरों ने उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई के लिए भेजा है। हालांकि परिजन उन्हें अपने स्तर पर एक निजी अस्पताल में ले गए हैं।
यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। बीडी फ्लोर मिल के पीछे निशांत बाग निवासी 73 वर्षीय संतोष शुक्ला सुबह 8 बजे के करीब घर से बाहर निकले थे कि तभी सांड़ ने पीछे से हमला कर दिया। वह उछलकर साइकिल पर गिरे, लेकिन सांड़ उन पर लगातार हमला करता रहा। इस हमले में वह बुरी तरह घायल हो गए। लोगों ने सांड़ को डंडे मारकर किसी तरह वहां से भगाया। उधर, घायल ने आरोप लगाया कि पड़ोस में एक परिवार बेसहारा गोवंश को चारा खिलाते हैं, जिस कारण गली में बेसहारा गोवंश का जमावड़ा लगा रहता है।
ऐसे समय हुई घटना, जब शहर में चल रहा है पशु पकड़ो अभियान
यह घटना ऐसे समय हुई है जब प्रशासन पशु पकड़ो अभियान चला रहा है। पशुओं को प्रतिदिन अभियान के तहत पकड़ा जा रहा है। अभियान के तहत अभी तक 70 पशुओं को पकड़ा जा चुका है। उपायुक्त भी इस समस्या को लेकर गोशाला संचालकों की बैठक ले चुके हैं, इसके बावजूद गलियों में इन दिनों पशुओं का जमावड़ा दिखाई दे रहा है। खासकर बब्याल, महेश नगर, स्टाफ रोड, निकलसन रोड, सदर बाजार आदि क्षेत्रों में दिन के समय बेसहारा गोवंशों को देखा जा सकता है।