अंबाला। अंबाला नगर निगम को दो जुलाई को पहला मेयर मिला था। ठीक एक माह बाद एक अगस्त को नगर निगम, अंबाला को पहले सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर मिलेगा। दरअसल, चुनाव आयोग ने सीनियर डिप्टी मेयर और मेयर पद के चुनाव की तिथि का ऐलान कर दिया है। सरकार की ओर से अंबाला प्रशासन को निर्देश मिलने के बाद अब प्रशासन ने चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी है। पंचायत भवन में होने वाले इन चुनावों को लेकर जहां दावेदारों ने अपनी-अपनी दावेदारी पेश करनी शुरू कर दी है, वहीं, दावेदारों की फेहरिस्त भी काफी लंबी है। लिहाजा दोनों पदों के लिए मुकाबला रोचक होने की पूरी संभावना है।
नगर निगम पर एक नजर
पहली बार हुआ था अंबाला नगर निगम का चुनाव
निगम में कुल 20 पार्षदों को निर्वाचित किया गया
20 पार्षदों में से 16 कांग्रेसी, जबकि 4 पार्षद भाजपा के हैं।
सीनियर डिप्टी मेयर के दावेदार
दावेदार-1 : वार्ड -11 से दिलीप बिट्ट चावला। चार बार पार्षद रह चुके हैं। विधायक विनोद शर्मा खेमे से हैं। मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया कॉर्डिनेटर रह चुके हैं।
दावेदार-2 : वार्ड -2 से दर्शना मेहता। सीनियर पार्षद हैं, पहले भी पार्षद रह चुकी हैं। बड़े अंतर से जीत दर्ज करने वाली महिला पार्षद, विधायक विनोद शर्मा खेमे की हैं।
दावेदार-3 : वार्ड- 5 से रुपम गुगलानी। सीनियर पार्षद है, पहले पार्षद रह चुकी है। विधायक विनोद शर्मा खेमे की हैं। पति राजन गुगलानी और सास भी पार्षद रह चुकी हैं।
दावेदार-4 : वार्ड-16 से चित्रा सरवारा। पूर्व विधायक निर्मल सिंह की बेटी हैं। पहली बार चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की।
दावेदार-5 : वार्ड-8 से हिम्मत सिंह : पहली बार चुनाव लड़ा, जीत मिली। केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा के गुट से हैं। राहुल गांधी के दरबार में भी भरते हैं हाजिरी।
दावेदार-6 : वार्ड -10 से हरदीप कौर। पति जंडली के सरपंच रह चुके हैं। केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा के खेमे की हैं।
डिप्टी मेयर पद के दावेदार
दावेदार-1 : वार्ड -19 से सुधीर जयसवाल ‘थैला बाबू’। निगम चुनाव में सबसे बड़े अंतर से जीत दर्ज करने वाले सीनियर पार्षद। पहले चार बार पार्षद रह चुके हैं और पूर्व विधायक निर्मल सिंह खेमे के हैं।
दावेदार-2 : वार्ड-4 से रमा रानी सिंगला। पहली बार चुनाव लड़ा। विधायक विनोद शर्मा के आशीर्वाद से मिला था टिकट। ससुर बृजलाल लाल सिंगला वरिष्ठ पार्षद और कांग्रेसी नेता हैं।
दावेदार-3 : वार्ड -6 से पवन अग्रवाल। पहले पार्षद रह चुके हैं और विधायक विनोद शर्मा के गुट से हैं।
दावेदार-4 : वार्ड-7 से दलजीत सिंह भाटिया। पहले भी पार्षद रह चुके हैं और शहर विधायक विनोद शर्मा के गुट के हैं।
सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद के चुनाव एक अगस्त को करवाने की सूचना मिली है। इसके लिए तैयारियां करने को कहा गया है। चुनाव पंचायत भवन में सुबह करवाएं जाएंगे। प्रशासन अपनी जरूरी तैयारियंा कर रहा है।
के. मकरंद पांडुरंग, डीसी अंबाला-a