अंबाला। रोडवेज यूनियन के चुनाव विवादों में घिर गया है। वहीं गड़बड़ी करने के आरोप में रोडवेज के दो कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। बताया जाता है कि दोनों कर्मचारी बिना अनुमति मतगणना के दौरान आ गए। इतना ही नहीं दोनों कर्मचारियों ने बुधवार को कथित तौर पर अपनी लीव एप्लीकेशन भी भेजी थी। अब इस मामले की जांच जारी है और वीरवार को इस विवाद का हल निकालने की कोशिश होगी। लेकिन दिन भर इस विवाद के चलते जिला रोडवेज कार्यालय में तनाव की स्थिति बनी रही।
उल्लेखनीय है कि रोडवेज कर्मचारी यूनियन (संबंधित हरियाणा कर्मचारी महासंघ अंबाला डिपो) के चुनावों में दो गुटों के पदाधिकारी आमने सामने थे। बुधवार देर रात काउंटिंग के बाद जयवीर गुट को विजेता घोषित कर दिया गया। मामला उस वक्त बिगड़ गया जब दूसरे गुट ने चुनाव में धांधली के आरोप लगा दिए। बुधवार को सुबह से ही मामला बिगड़ा रहा और वोटों की फिर से गिनती पर एक गुट अड़ा रहा। रोडवेज प्रशासन ने भी सुरक्षा के लिहाज से पुलिस तैनात करवाई, ताकि किसी भी घटना से निपटा जा सके।
दोपहर को एडीसी अंबाला डा. एसएस फुलिया पहुंचे, लेकिन हल नहीं निकला। इसके बाद शाम के समय मौके पर पहुंचे एसडीएम ने एक गुट से वोटों की गिनती के लिए वीरवार शाम तक का समय मांगा, लेकिन यह गुट नहीं माना और यह गुट विरोध में रोडवेज कार्यालय में बैठ गया।
---
इस कारण हुआ विवाद
रोडवेज कर्मचारी यूनियन संबधित हरियाणा कर्मचारी महासंघ के चुनावों में जयवीर गुट और जिले सिंह गुट के बीच मुकाबला था। इसमें प्रधान पद पर जयवीर सिंह व जिले सिंह खडे़ थे। इसमें जयवीर को विजेता घोषित कर दिया, जबकि विरोधी गुट ने इस पर आपत्ति जता दी। इस गुट का कहना है कि कुछ वोटें काउंट ही नहीं हुईं, जिसका असर परिणाम पर पड़ा है। हालंकि पुलिस ने भी यह फटी हुई वोटें बरामद कर ली, लेकिन विवाद का हल बुधवार शाम तक नहीं निकल पाया।
------
बसें नहीं चलने देंगे
विवाद के चलते एक गुट ने साफ कह दिया कि यदि रीकाउंटिंग नहीं होती, तो वे वीरवार को बसों को सड़कों पर नहीं उतरने देंगे। यदि ऐसा होता है, तो मामला और बिगड़ेगा, जिसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ सकता है। रोडवेज कार्यालय में तनाव की स्थिति है, जबकि मामला वीरवार को शांत कराने में प्रशासन कोशिशों में जुटा है।
------------
‘जब तक रिकाउटिंग नहीं होगी तक हम कार्यालय के बाहर से नहीं हटेंगे। प्रशासन को चाहिए कि वह जल्द वोटों की फिर से गिनती कराएं। एसडीएम ने वीरवार को दोबारा रिकाउंटिंग करवाने को कहा है लेकिन हमें प्रशासन पर विश्वास नहीं है। वोटों की फिर से गिनती नहीं हुई तो बसें नहीं चलने देंगे।
- बजिंद्र जांगड़ा
-----------
‘चुनाव में गड़बड़ी करने के आरोप दो कर्मचारियों पर लगे हैं। प्रारंभिक जांच में भी पाया गया है कि इन की ड्यूटी चुनाव में नहीं थी, जबकि यह बिना अनुमति के काउंटिंग में घुस गए। इसी के आधार पर दोनों कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। वीरवार को इस विवाद का हल निकल जाएगा।’
- रविंदर पाठक, जीएम रोडवेज अंबाला