अंबाला। अमृत भारत योजना के तहत अंबाला मंडल के 16 रेलवे स्टेशनों में से छह रेलवे स्टेशनों का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है और इसकी सौगात जल्द ही रेल यात्रियों को मिलने वाली हैं।
रेलवे से प्राप्त जानकारी अनुसार इसमें जगाधरी, सहारनपुर, संगरूर, शिमला, धूरी और सरहिंद रेलवे स्टेशन शामिल हैं। इनका कार्य आगामी कुछ दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा अंबाला सिटी रेलवे स्टेशन सहित मोहाली व अन्य रेलवे स्टेशनों का कार्य अगस्त-सितंबर में पूरा कर लिया जाएगा। जबकि चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन को तैयार होने में भी चार से पांच माह का समय लगेगा।
इतना हुआ काम
लगभग एक वर्ष पहले शुरु हुए रेलवे स्टेशनों के नवीनीकरण के तहत जगाधरी रेलवे स्टेशन पर 96 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इसी प्रकार सहारनपुर का 93 प्रतिशत, संगरूर का 93 प्रतिशत, शिमला का 92 प्रतिशत, धूरी का 92 प्रतिशत, सरहिंद का 90 प्रतिशत, मोहाली का 90 प्रतिशत, अंबाला सिटी और अंब अंदौरा का 88 प्रतिशत, कालका, पटियाला और नंगलडैम का 86 प्रतिशत, आनंदपुर साहिब और रोपड़ का 84 प्रतिशत, मलेरकोटला का 79 प्रतिशत और चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन का 66 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। रेलवे स्टेशनों के नवीनीकरण का कार्य डीआरएम अंबाला की अध्यक्षता में रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) की ओर से कराया जा रहा है।
899.06 करोड़ की लागत से हो रहा कायाकल्प
अंबाला मंडल के अधीन 16 रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प 899.06 करोड़ की लागत से किया जा रहा है। अंबाला सिटी रेलवे स्टेशन पर 22.12 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसी प्रकार पटियाला पर 47.51 करोड़, धूरी जंक्शन 37.63, कालका 32.03, संगरूर 25.51, सरहिंद जंक्शन 25.12, आनंदपुर साहिब 24.21, रूपनगर 23.99, नंगल डैम 23.31, साहिबजादा अजीत सिंह नगर मोहाली 23.20, मलेरकोटला 22.93, अंब अंदौरा 22.04, यमुनानगर-जगाधरी 22, अबोहर जंक्शन 21.09 और सहारनपुर जंक्शन का 15.18 करोड़ की लागत से कायाकल्प किया जा रहा है।
यह मिलेंगी सुविधाएं
इन रेलवे स्टेशनों पर विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी। रेलवे स्टेशनों को सिटी सेंटर के रूप में विकसित किया जा रहा है जोकि अपने क्षेत्र की एक विशेष पहचान भी होगा। रेलवे स्टेशनों के दोनों तरफ आवागमन द्वार, भवनों का नवीनीकरण, यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी, यात्रियों की मदद के लिए सहायता केंद्र और स्थानीय संस्कृति और कला के प्रावधान के लिए निर्धारित जगह, रेलवे परिसर में ग्रीन कॉरिडोर और पार्किंग मुख्य बदलाव होंगे।
वर्जन
अमृत भारत योजना के तहत अंबाला मंडल के 16 रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है। इसमें से छह रेलवे स्टेशनों का कार्य आगामी कुछ दिनों में पूरा हो जाएगा। वहीं अन्य 10 रेलवे स्टेशन भी एक से दो माह में पूरी तरह से तैयार हो जाएंगे। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर थोड़ा और समय लग जाएगा।
मंदीप सिंह भाटिया, डीआरएम अंबाला।