फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सुरक्षा कारणों से फिर से होगी माल रोड वाहनों के लिए बंद

विज्ञापन
विज्ञापन
सुरक्षा कारणों से वाहनों के लिए फिर बंद होगा माल रोड
विज्ञापन

फोटो नंबर : 26
बोर्ड उपाध्यक्ष ने मांगा कुछ और समय, पूर्व में रक्षा मंत्रालय के निर्देशों पर खोला गया था रोड
कैंटोनमेंट बोर्ड की मीटिंग में उठा मुद्दा, अन्य मुद्दों पर भी हुई चर्चा
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए सेना फिर से माल रोड को बंद करना चाहती है। बुधवार को कैंटोनमेंट बोर्ड की बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा हुई। सेना अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों के चलते रोड को बंद करने को कहा, मगर बोर्ड के उपाध्यक्ष अजय बवेजा ने इस पर चर्चा के लिए समय मांगा जिसके बाद अगली बैठक तक इस मुद्दे को स्थगित कर दिया गया है। इसके अलावा जीएमएन पब्लिक स्कूल का नया गेट खोलने को लेकर पार्षद तिवारी ने विरोध जताया जिसके बाद इस मुद्दे को भी अगली बैठक तक स्थगित कर दिया गया। उधर, विकास के कई अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई। बोर्ड अध्यक्ष ब्रिगेडियर एसए सिद्धू के नेतृत्व में हुई बैठक में कई मुद्दों को पारित भी किया गया। इस दौरान सीईओ वरुण कालिया भी मौजूद रहे।
सदन में बोर्ड अधिकारियों ने माल रोड पर सुरक्षा कारणों से इसके एक हिस्से को वाहन चालकों के लिए बंद करने का प्रस्ताव रखा। सदन में बताया गया कि माल रोड पर महत्वपूर्ण सैन्य प्रतिष्ठान स्थित हैं जिसकी सुरक्षा जरूरी है। इस पर बोर्ड उपाध्यक्ष बवेजा व अन्य सदस्यों ने विरोध जताया। बवेजा ने इस मामले में चर्चा के लिए और समय मांगा। उनका कहना था कि रोड बंद होने से पब्लिक को दिक्कत होगी। बता दें कि कुछ माह पहले रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण के आदेशों के बाद देशभर में सेना द्वारा बंद की गई सड़कों को खोल दिया गया था। तब आदेश दिए गए थे कि रोड कैंटोनमेंट बोर्ड में प्रस्ताव लाकर तय प्रक्रिया के बाद ही बंद किया जाए। इसी को लेकर अब सेना माल रोड को पुन: बंद करने के लिए सदन में प्रस्ताव लाई थी। बैठक में करीब 50 मुद्दों को पारित किया गया। बैठक में पार्षद लक्ष्मी देवी, आशीमा, राजू बाली, सुरेंद्र तिवारी व अन्य मौजूद रहे।
विज्ञापन

जीएमएन स्कूल के गेट को लेकर हुई हलकी बहस
जीएमएन स्कूल के गेट को बीआई मेस रोड की ओर से खोलने पर विचार हुआ। स्कूल प्रबंधन द्वारा इसके लिए आवेदन किया गया था। सदन में यह मामला आया तो पार्षद सुरेंद्र तिवारी ने इसका विरोध किया। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन को नये गेट का रास्ता निकालने की इजाजत क्यों दी जा रही है जबकि पहले से ही एक गेट है। इसके अलावा सेना सदस्यों ने भी इस पर अपत्ति जताई। मामले को अगली बैठक तक के लिए टाल दिया गया।
धार्मिक स्थलों एवं सामाजिक संस्थाओं को गृहकर में छूट
बोर्ड क्षेत्र में स्थित धार्मिक स्थल एवं सामाजिक संस्थाओं को गृहकर में छूट देने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। बोर्ड द्वारा मिशनरीज ऑफ चैरिटी, होली रीडिमर चर्च, एसडी शिव मंदिर, सेंट पॉल चर्च को गृहकर में छूट प्रदान की गई है।
वार्डों में विकास के लिए एक करोड़ से अधिक पास
बैठक में ओपन जिम के लिए करीब छह लाख के टेंडर को मंजूरी दी गई। इसके तहत बोर्ड के विभिन्न क्षेत्रों में व्यायाम के लिए उपकरण लगाए जाएंगे। विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों के लिए एक करोड़ से अधिक के बजट को भी मंजूरी दी गई।
11 अवैध निर्माणों पर जारी होंगे नोटिस
बोर्ड के तोपखाना परेड में 11 अवैध निर्माणों पर नोटिस जारी होंगे। बोर्ड की बैठक में यह नोटिस देने के प्रस्ताव पर भी मोहर लगी। आगामी दिनों में नोटिस देकर यहां अवैध निर्माण गिराने की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

इन मुद्दों पर चर्चा
- बैठक में तोपखाना क्षेत्र में रेहड़ी मार्केट के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। सीईओ वरुण कालिया ने बताया कि रेहड़ी मार्केट के लिए तोपखाना में जगह विकसित कर दी गई है। इसके अलावा यहां पर फूड ट्रक लगाने का भी प्रस्ताव है।
- सुंदरीकरण के लिए गीता गोपाल चौक के निकट रोटरी क्लब के सहयोग से सीटिंग शेल्टर का निर्माण किया जाएगा।
- दशकों पुराने कैपिटल सिनेमा कांप्लेक्स के पुराने भवन के पुनर्निमाण के लिए प्रस्ताव को पास किया गया।
- कैंट क्षेत्र का कूड़ा फेंकने के लिए नई भूमि का चयन किया जाएगा। पूर्व में सेना जहां कूड़ा फेंक रही थी उस स्थान पर सेना ने आपत्ति जताई है।
- आगामी वर्ष में स्टाफ की छुट्टियों को लेकर भी प्रस्ताव पारित किया गया।
- अंबा मार्केट में दुकानों के हस्तांतरण, आनंद मार्केट में दुकानों की नीलामी, बोर्ड क्षेत्र में होर्डिंग्स लगाने के मुद्दे भी पास किए गए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें