लेट होती रेल परियोजनाओं पर बोले सांसद कटारिया, ‘बोल राधा बोल संगम होगा के नहीं’
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। रेल परियोजनाओं के विकास और उनकी प्रगति को लेकर नॉर्दर्न रेलवे के जीएम की अध्यक्षता में अंबाला और फिरोजपुर रेल मंडल के अधिकारियों के अलावा इन क्षेत्रों के 15 सांसदों की बैठक वीरवार को नई दिल्ली में हुई। इस दौरान अंबाला संसदीय क्षेत्र की समस्याओं और लेट होते प्रोजेक्टों को लेकर सांसद रतनलाल कटारिया ने अपने चुटकीले अंदाज में सभा में रखा। वर्षों से लंबित चंडीगढ़-नारायणगढ़-यमुनानगर रेल लिंक परियोजना पर सांसद सुरीले अंदाज में बोले कि ‘बोल राधा बोल संगम होगा के नहीं’।
कटारिया ने कहा कि वह वर्ष 2008 से देख रहे हैं कि करीब सौ किलोमीटर लंबे चंडीगढ़-नारायणगढ़-यमुनानगर रेल लिंक परियोजना पर रेलवे कार्रवाई नहीं कर रहा है। लेट होते प्रोजेक्ट की वजह से इस परियोजना का बजट पांच गुणा बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ से नारायणगढ़ और यमुनानगर का सीधा लिंक होने से लाखों लोगों को इसका लाभ मिलेगा और वह सड़क के मुकाबले रेल में जल्द और कम पैसे में प्रदेश की राजधानी चंडीगढ़ पहुंच सकेंगे। लंबित प्रोजेक्ट पर उन्होंने रेल अधिकारियों से स्टेट्स रिपोर्ट मांगी और इसे जल्द पूरा करने की मांग को उठाया। सांसद के सवाल पर रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यह प्रोजेक्ट फिलहाल मंजूरी के लिए नीति आयोग के पास लंबित है और वहां से अप्रूवल के बाद आगामी कार्रवाई होगी।
बता दें कि रेल परियोजना सिरे चढ़ती है तो नारायणगढ़ के अलावा अंबाला की सीमा से सटे हिमाचल प्रदेश के कालाअंब, नाहन, पांवटा साहिब व अन्य क्षेत्रों को इसका लाभ मिल सकेगा। रेलवे इस परियोजना को लेकर वर्षों पहले सर्वे भी पूरा कर चुका है, मगर बावजूद इसके रेल लिंक अब तक नहीं हो सका है।
बाक्स
फ्रांस से हुए करार को पूरा करने पर चर्चा
सांसद कटारिया ने कैंट रेलवे स्टेशन को वर्ल्ड क्लास बनाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि फ्रांस रेलवे की टीम से कैंट स्टेशन की अपग्रेडेशन के लिए यहां सर्वे किया था, मगर इसके बाद आगे कुछ नहीं बढ़ सका। उन्होंने कहा इस करार को पूरा किया जाए जिससे स्टेशन पर विश्वस्तर की सुविधाएं मिल सकें। रेलवे अधिकारियों ने सांसद को बताया कि अपग्रेडेशन व्यापक स्तर पर हो रहा है और दिसंबर तक इसके नतीजे भी मिलने आरंभ हो जाएंगे। बैठक में चंडीगढ़-बद्दी रेल लिंक पर भी चर्चा हुई। रेल अधिकारियों ने मंडल में बनाए गए अंडरपास, मानव युक्त किए गए फाटकों, रेलमार्गों के विद्युतीकरण एवं अन्य परियोजनाओं की जानकारी दी।
कोट्स
विभिन्न क्षेत्रों से सांसदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की मांगों को उठाया है, जिन पर कार्रवाई चल रही है। अंबाला के अलावा सहारनपुर, बठिंडा एवं अन्य क्षेत्रों की मांगों को उठाया गया। रेलवे विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य कर रहा है और इस पर जानकारी बैठक के दौरान सांसदों को दी गई है।
-प्रवीण गौड़ द्विवेदी, सीनियर डीसीएम, अंबाला रेल मंडल।